नानामऊ गंगा पुल पर कार-मोबाइल छोड़ युवक लापता, नदी में तलाश जारी
गंगा में छलांग लगाने की आशंका, दूसरे दिन भी गोताखोर और राहत दल करते रहे खोजबीन

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नानामऊ गंगा घाट पर सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक के गंगा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। मौके पर युवक की कार खड़ी मिली, जबकि उसका मोबाइल फोन कार के अंदर ही रखा था। सूचना पर बांगरमऊ और बिल्हौर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल बिल्हौर थाना क्षेत्र में होने के कारण बिल्हौर पुलिस ने गोताखोरों और राहत दल की मदद से गंगा में युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन मंगलवार को दूसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। लापता युवक की पहचान क्षेत्र के ग्राम नसिरापुर निवासी 35 वर्षीय सूरज पुत्र सुशील कटियार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम उसकी कार नानामऊ गंगा पुल पर खड़ी मिली। कार के अंदर मोबाइल फोन मिलने और युवक के वहां मौजूद नहीं होने से परिजनों तथा पुलिस की चिंता बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों से युवक के नदी में छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कराई। मंगलवार सुबह से बिल्हौर पुलिस गोताखोरों और राहत एवं आपदा दल के साथ गंगा में लगातार तलाश करती रही। घटनास्थल के आसपास नदी की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को खोज अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर युवक के लापता होने के पीछे घरेलू विवाद की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से सूरज के परिजनों का बुरा हाल है और घाट पर भी लोगों की भीड़ लगी रही। कोतवाल अखिलेश चंद पांडेय ने बताया कि युवक के गंगा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली है और बिल्हौर पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
