मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की समीक्षा की, योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव से जिला मुख्यालय तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। ग्राम एवं न्याय पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक चलने वाले इस अभियान में जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर सभी विभागीय कार्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाए। विभागों से अपने लाभार्थियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सहित सूची उपलब्ध कराने तथा लाभार्थियों को भी अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने मंडल के तीनों जिलों में 10-10 स्थानों पर बड़े स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर शहरों तक कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और अभियान को केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित न रखा जाए। अभियान के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘घर-घर से राष्ट्र तक रंगोली’, ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को प्रतिदिन आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, छात्रवृत्ति, प्रोजेक्ट अलंकार, आईटीआई प्रवेश, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, मातृ-शिशु वंदना योजना, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पोषाहार वितरण, बाल वाटिका, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री आवास, कन्या विवाह सहायता योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और फसल ऋण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति बढ़ाने को कहा। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, गेहूं खरीद, गौशाला, नंदिनी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अन्नपूर्णा भवन, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण तथा पर्यटन विभाग की योजनाओं के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
