दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी कार; तीन युवकों की मौत

मंदसौर, मध्यप्रदेश। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह गरोठ के पास भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। कार में सवार चारों युवक गुरुग्राम से बांसवाड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाचाकोटा जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब गरोठ एंट्री गेट से एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहे एक ट्रक में पीछे से आ रही कार जा घुसी। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक गरोठ के पास एंट्री गेट से एक्सप्रेसवे पर पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान अरविंद पुत्र रोशनलाल निवासी सिकंदरपुर, गुरुग्राम (हरियाणा), बिंदर पुत्र जगत सिंह निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम (हरियाणा) और कैलाश निवासी अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। हादसे में विजेंदर पुत्र हरपाल निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम घायल हो गए। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घायल विजेंदर के मुताबिक हादसे के समय बारिश हो रही थी और ट्रक की पीछे की लाइट कथित तौर पर बंद थी। इसी वजह से आगे चल रहा ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया और कार उससे टकरा गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *