
मुंबई। नागपुर हिंसा के दोषियों को कड़ी चेतावनी देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को उनकी कब्रों से खोदकर निकाला जाएगा और कानून का सामना करने के लिए मजबूर किया जाएगा। उनकी यह प्रतिक्रिया सोमवार को हुई हिंसा के दौरान कथित रूप से एक महिला कांस्टेबल से दुर्व्यवहार और उसके कपड़े उतारने की कोशिश के बाद आई है। भीड़ ने पत्थर और पेट्रोल बम फेंके, जिससे तीन डीसीपी रैंक के अधिकारियों सहित 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए। फडणवीस ने गृह विभाग की बजटीय मांगों पर बहस का जवाब देते हुए विधानसभा में कहा, “नागपुर में आगजनी के दौरान पुलिस पर हमला करने वालों को उनकी कब्रों से खोदकर निकाला जाएगा। पुलिस पर हमले अक्षम्य हैं। उन्हें सख्त सजा मिलेगी। हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने दोहराया कि हिंसा और आगजनी सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने के इरादे से पूर्वनियोजित थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनका बयान नागपुर पुलिस कमिश्नर के बयान से विरोधाभासी नहीं है। उन्होंने कहा, नागपुर पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच से यह पता चलेगा कि हिंसा पूर्व नियोजित थी या नहीं। मैंने कोई विरोधाभासी बात नहीं कही है। फडणवीस ने बताया कि नागपुर शहर में स्थिति अब शांत है। छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान पवित्र शिलालेखों वाली चादर को जलाए जाने की अफवाह, प्रथम दृष्टया हिंसा का कारण प्रतीत होती है। एफआईआर के अनुसार, कुछ दंगाइयों ने कथित तौर पर एक महिला कांस्टेबल से अनुचित तरीके से छूने और उसके कपड़े उतारने की कोशिश की। नागपुर निवासी मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शहर शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा, 1992 के बाद शहर में कोई दंगा नहीं हुआ। हिंसा की योजना कुछ लोगों ने बनाई थी। केवल औरंगजेब की कब्र की प्रतिकृति जलाई गई (विहिप के विरोध के दौरान)। हमने पुष्टि की है कि कोई आयत (कुरान की आयतें) नहीं जलाई गई। लेकिन जानबूझकर अफवाहें फैलाई गईं। उन्होंने कहा कि जानबूझकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। सोमवार को मध्य नागपुर के इलाकों में भीड़ ने उत्पात मचाया, वाहनों को नुकसान पहुंचाया, पुलिस पर पेट्रोल बम और पत्थर फेंके तथा घरों पर हमला किया।




