Saturday, March 14, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedउत्तर प्रदेश के आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज का बनेगा भव्य स्मारक:...

उत्तर प्रदेश के आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज का बनेगा भव्य स्मारक: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र सरकार रामसिंह की कोठी वाली भूमि का करेगी अधिग्रहण

आगरा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि महाराष्ट्र सरकार आगरा के मीनाबाजार क्षेत्र में स्थित रामसिंह की कोठी की भूमि का अधिग्रहण करेगी, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज को कैद किया गया था। इस ऐतिहासिक स्थल पर एक भव्य स्मारक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विषय पर वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह घोषणा ऐतिहासिक लाल किले में अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित ‘शिवजन्मोत्सव भारतवर्ष का’ कार्यक्रम के दौरान की। यह अनोखा महोत्सव तीसरी बार आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री एस.पी.सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो.राम शिंदे, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशिष शेलार, फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, आगरा की महापौर हेमलता कुशवाह, आगरा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे, विधायक परिणय फुके, अभिनेता विकी कौशल (जो फिल्म छावा में छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं), निर्माता दिनेश विजन और प्रतिष्ठान के अध्यक्ष विनोद पाटिल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शिवाजी महाराज की विरासत को किया याद
शिव जयंती का आगरा में आयोजन गौरव की बात बताते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि शिवाजी महाराज ने आगरा में भी स्वाभिमान दिखाया था। उनकी साहसिक आगरा से मुक्ति के बाद, उन्होंने फिर से स्वराज्य की स्थापना की। उन्होंने कहा कि राजमाता जिजाबाई ने शिवाजी महाराज को हिंदवी स्वराज्य की प्रेरणा दी थी। शिवाजी महाराज दूरदर्शी शासक, कुशल प्रशासक और महिलाओं के सम्मान के रक्षक थे। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों को संगठित कर हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की,” मुख्यमंत्री ने कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की और महाराष्ट्र एवं भारत को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने फिल्म “छावा” की सराहना करते हुए कहा कि इसने छत्रपति संभाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास को उजागर किया है। केंद्रीय मंत्री बघेल ने आगरा में इस उत्सव को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया और मुंबई-आगरा हाईवे का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखने का सुझाव दिया।
ऐतिहासिक स्थल पर बनेगा स्मारक
यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इतिहासकारों से चर्चा के बाद रामसिंह की कोठी की पहचान की गई, जहां शिवाजी महाराज को बंदी बनाया गया था। अब इस स्थल पर भव्य स्मारक बनाया जाएगा। अभिनेता विकी कौशल ने शिवाजी महाराज को “वैश्विक प्रेरणा” और “सुपरहीरो” बताया। निर्माता दिनेश विजन ने कहा कि फिल्म “छावा” शिवाजी महाराज के विचारों को पूरे विश्व में फैलाने का प्रयास है।
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाने वाले नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस का आत्मीय स्वागत किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments