
जालना। जालना जिले के अलापुर गांव में एक महिला को उसके माता-पिता द्वारा दो महीने तक जंजीरों में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बंबई उच्च न्यायालय की औरंगाबाद पीठ के निर्देश पर सोमवार को कार्रवाई कर महिला को मुक्त कराया। 20 वर्षीय महिला शहनाज उर्फ सोनल ने अंतरधार्मिक विवाह किया था और तीन साल के बेटे के साथ अपने माता-पिता से मिलने गई थी। लेकिन विवाह से नाराज माता-पिता ने उसे वापस पति के पास लौटने नहीं दिया और घर में जंजीरों से बांधकर रखा। महिला के पति ने जब उसे वापस लाने की कोशिश की, तो उसे घर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके बाद उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने छापा मारकर महिला और उसके बेटे को बचाया और सरकारी वकील की मौजूदगी में उन्हें पति को सौंप दिया। फिलहाल महिला के माता-पिता के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस ने कहा कि यदि महिला शिकायत दर्ज कराती है, तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




