कार से 3.60 क्विंटल डोडाचूरा बरामद, मंदसौर का युवक गिरफ्तार


रतलाम, मध्य प्रदेश। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 क्विंटल 60 किलो डोडाचूरा बरामद किया है। आरोपी कार के जरिए मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने डोडाचूरा के साथ कार भी जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, एसपी अमित कुमार के निर्देशन और एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उज्जैन बायपास पर घेराबंदी की। पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह के सामने कार सवार युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान 24 वर्षीय जुझार खराड़ी, पिता भेरुलाल खराड़ी, निवासी ग्राम पिपलखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर के रूप में हुई। कार (एमपी-04-सीवाय-2693) की तलाशी लेने पर उसमें रखे प्लास्टिक के 18 कट्टों से 3 क्विंटल 60 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार और डोडाचूरा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अब तक यह जानकारी नहीं दी है कि वह डोडाचूरा कहां से लाया था और इसे कहां ले जा रहा था। तस्करी के नेटवर्क और मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *