इंदौर में विरोध के बाद कालिका माता मंदिर हटाने की कार्रवाई स्थगित
कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकान ध्वस्त, 600 कर्मियों का अमला और 12 पोकलेन मशीनें रहीं तैनात

इंदौर, मध्य प्रदेश। कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने की मुहिम के दौरान कालिका माता मंदिर को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई स्थानीय नागरिकों के भारी विरोध के बाद प्रशासन ने फिलहाल स्थगित कर दी है। एसडीएम घनश्याम धनगर ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में मंदिर हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सोमवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस दौरान मंदिर हटाने की तैयारी होते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुट गए और विरोध शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर एसडीएम को भी मौके से लौटना पड़ा। शाम तक कई हिंदू संगठन भी वहां पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि मंदिर की एक भी ईंट नहीं हटने दी जाएगी। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें भी वापस लौट गईं। मंगलवार को दोबारा कार्रवाई की अटकलें थीं, लेकिन प्रशासन के इनकार के बाद रहवासियों ने मंदिर के बाहर जारी धरना समाप्त कर दिया। इस विवाद की जड़ ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर भूमि पर बने निर्माण हैं। जमीन के स्वामित्व को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और कॉलोनी के रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से कानूनी विवाद चल रहा है। मामला तहसीलदार न्यायालय से होते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। कार्रवाई के दौरान मंदिर प्रबंधन को परिसर खाली करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया था। इसके बाद विरोध कर रहे लोगों ने मौके पर जय-जय सियाराम के नारे लगाने शुरू कर दिए। मंदिर हटाने की तैयारी के दौरान भीड़ बढ़ने और विरोध तेज होने पर प्रशासन ने कार्रवाई टालने का फैसला किया।
42 मकान तोड़े गए, 600 कर्मियों का अमला रहा तैनात
प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की मुहिम सोमवार को दिनभर जारी रही। इस दौरान कुल 42 मकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के करीब 600 अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। निर्माण हटाने के लिए 12 पोकलेन मशीनों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, जब अमला कालिका माता मंदिर को हटाने की तैयारी करने लगा तो स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और विरोध तेज हो गया। संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर हटाने की कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी है।
