6,233 श्रद्धालुओं की सामूहिक गोदा आरती का विश्व रिकॉर्ड, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई उपलब्धि

नासिक। नासिक के गोदातट पर आयोजित महागोदा आरती ने एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया है। शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में 6,233 श्रद्धालुओं ने एक साथ गोदा आरती की, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। इस आयोजन में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ महाकुंभ पर्व के धर्मध्वजारोहण समारोह के अवसर पर रामतीर्थ परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्रोच्चार, दीपों की रोशनी और साधु-संतों की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस अवसर पर गोदावरी का पूजन भी किया।
एक सप्ताह में नासिक का दूसरा विश्व रिकॉर्ड
नासिक ने महज एक सप्ताह के भीतर दूसरा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इससे पहले 25 अक्टूबर 2026 को रामतीर्थ पर 517 शंखवादकों ने एक साथ शंखनाद कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। अब सामूहिक गोदा आरती के जरिए नासिक की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। इस आयोजन में आदिवासी बहुल तालुकों के 650 गांवों से करीब 6,500 जनजातीय समुदाय के लोगों ने भाग लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सूखा प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता का भरोसा दिलाया। राज्यपाल डॉ. जिष्णु देव वर्मा ने महाराष्ट्र के सुजलाम-सुफलाम होने की प्रार्थना की, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जनजातीय समाज के सांस्कृतिक योगदान की सराहना की। नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण और रामतीर्थ गोदा आरती समिति के नियोजन से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती की। इस उपलब्धि से नासिक की सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
