
नागपुर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर में खेल क्षेत्र की आधुनिक और व्यापक आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और खेल क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने को नई गति मिलेगी। रविवार को नागपुर में आयोजित सांसद क्रीड़ा महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कविवर्य सुरेश भट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा खडसे, पालकमंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले सहित अनेक जनप्रतिनिधि और खेल क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि करियर और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुका है तथा खेल संस्कृति युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और अनुशासन विकसित करती है।
विदर्भ स्तर पर होगा अगला सांसद क्रीड़ा महोत्सव, एक लाख खिलाड़ियों को जोड़ने का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की कि आगामी सांसद क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन विदर्भ स्तर पर किया जाएगा और इसमें एक लाख से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागपुर को देश की खेल राजधानी के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से शहर में बड़े पैमाने पर खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। शहर में कम से कम 25 स्विमिंग पूल स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है और लक्ष्य यह है कि नागपुर के प्रत्येक क्षेत्र में खेल सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि शहर के एक लाख से अधिक बच्चे प्रतिदिन खेल मैदानों में दिखाई दें। वहीं केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को दिलाने के लिए देशभर में खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है और आने वाले दस वर्षों में खेल क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देखने को मिलेगा।
14 खिलाड़ियों को ‘सांसद क्रीड़ा भूषण पुरस्कार’, खेल विकास के लिए 45 करोड़ रुपये
पालकमंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले ने बताया कि नागपुर जिले में खेल सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। समारोह में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 14 खिलाड़ियों को ‘सांसद क्रीड़ा भूषण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, तैराकी, शतरंज, जिम्नास्टिक, बास्केटबॉल, कुश्ती और अन्य खेलों के खिलाड़ी शामिल रहे। इसके अलावा उत्कृष्ट आयोजक, उत्कृष्ट प्रशिक्षक, क्रीड़ा सेवक और उत्कृष्ट खेल संस्था श्रेणियों में भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक खेल परिसरों, प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और बढ़ती सुविधाओं के कारण नागपुर आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने वाला प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।



