क्या मशीनों को मनुष्य की हत्या का अधिकार होगा?

महेन्द्र तिवारी
विज्ञान ने मनुष्य को ऐसी शक्तियां प्रदान की हैं, जिनकी कल्पना कुछ दशक पहले तक असंभव लगती थी। मशीनों ने कठिन से कठिन काम आसान कर दिए हैं। चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, संचार और अंतरिक्ष अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में तकनीकी प्रगति ने मानव जीवन को नई दिशा दी है। लेकिन जब यही तकनीक युद्ध के मैदान में उतरकर किसी मनुष्य के जीवन और मृत्यु का निर्णय करने लगे, तब यह प्रगति एक गंभीर चिंता का विषय बन जाती है। आज दुनिया इसी चुनौती का सामना कर रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संचालित घातक हथियार भविष्य के युद्धों की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं, जिसमें मनुष्य की जगह मशीनें लक्ष्य पहचानने और हमला करने का निर्णय ले सकती हैं। स्वचालित घातक हथियार ऐसी प्रणालियां हैं, जो अपने आसपास की परिस्थितियों का विश्लेषण करके बिना सीधे मानवीय आदेश के किसी लक्ष्य का चयन कर सकती हैं और उस पर हमला कर सकती हैं। इनमें आधुनिक संवेदक, कैमरे, उपग्रहों से प्राप्त सूचनाएं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग किया जाता है। इनकी कार्यक्षमता और निर्णय लेने की गति पारंपरिक हथियारों की तुलना में अधिक हो सकती है। सैन्य दृष्टि से इन्हें उपयोगी माना जा रहा है, क्योंकि इनके माध्यम से सैनिकों के जोखिम को कम करने और युद्ध संबंधी कार्रवाइयों को तेजी से पूरा करने की संभावना दिखाई देती है। लेकिन इस सुविधा के पीछे छिपा खतरा कहीं अधिक गंभीर है।
युद्ध का मैदान कोई ऐसा स्थान नहीं होता, जहां हर परिस्थिति स्पष्ट और पूर्वनिर्धारित हो। वहां भय, अफरातफरी, धुआं, भ्रम और अनिश्चितता का वातावरण रहता है। सैनिकों के बीच सामान्य नागरिक भी मौजूद होते हैं। कोई व्यक्ति हथियार उठाए दिखाई दे सकता है, लेकिन संभव है कि वह अपनी सुरक्षा के लिए ऐसा कर रहा हो। कोई घायल व्यक्ति अचानक हिलने लगे तो मशीन उसे शत्रु समझ सकती है। ऐसी परिस्थितियों में केवल आंकड़ों और संकेतों के आधार पर लिया गया निर्णय निर्दोष लोगों की जान ले सकता है। मशीन के पास सूचनाओं का विश्लेषण करने की क्षमता तो हो सकती है, लेकिन उसमें मानवीय संवेदना, करुणा और विवेक नहीं होता। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि यदि किसी स्वचालित हथियार की गलती से किसी निर्दोष व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या हथियार बनाने वाली संस्था उत्तरदायी होगी, उसे विकसित करने वाले वैज्ञानिक, सैन्य अधिकारी या संबंधित सरकार? मशीन न तो अपनी गलती स्वीकार कर सकती है और न ही उसे अपराधबोध हो सकता है। इसलिए यह आवश्यक है कि तकनीक के उपयोग के प्रत्येक चरण में मानवीय जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। जीवन और मृत्यु से जुड़े निर्णयों को पूरी तरह मशीनों के भरोसे छोड़ना सभ्यता के लिए खतरनाक हो सकता है। इसी चिंता को लेकर संयुक्त राष्ट्र के मंच पर लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय विमर्श चल रहा है। जिनेवा में हुई हालिया वार्ताओं में भी स्वचालित घातक हथियारों को नियंत्रित करने के लिए बाध्यकारी अंतरराष्ट्रीय नियम बनाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। हालांकि तत्काल किसी सर्वमान्य समझौते पर पहुंचना संभव नहीं हुआ, लेकिन इस विषय पर आगे बातचीत जारी रखने का रास्ता खुला है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने चुनौती यह है कि वह तकनीकी विकास और मानवीय सुरक्षा के बीच संतुलन कैसे स्थापित करे। कुछ हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध और अन्य पर कठोर नियंत्रण की आवश्यकता पर भी विचार किया जा रहा है। भारत जैसे देश के लिए भी यह विषय विशेष महत्व रखता है। बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच आधुनिक तकनीक का उपयोग आवश्यक हो सकता है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर मानवीय मूल्यों की उपेक्षा नहीं की जा सकती। रक्षा क्षेत्र में अनुसंधान और तकनीकी विकास के साथ यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि किसी भी सैन्य कार्रवाई में मनुष्य का विवेक और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून सर्वोपरि रहें। वास्तव में विज्ञान की सार्थकता इस बात में है कि वह जीवन को सुरक्षित, सरल और बेहतर बनाए। यदि वही विज्ञान मनुष्य को समाप्त करने के अधिक प्रभावी साधन विकसित करने में लग जाए, तो हमें उसकी दिशा पर पुनर्विचार करना होगा। आने वाले वर्षों में दुनिया को यह तय करना है कि मशीनों को कितनी स्वतंत्रता दी जाए और उनकी सीमाएं कहां निर्धारित हों। तकनीक की गति भले ही मानवीय सोच से आगे निकल जाए, लेकिन उसके संचालन और उपयोग की नैतिक जिम्मेदारी मनुष्य के हाथों में ही रहनी चाहिए। अंततः सवाल यह नहीं है कि मशीन मनुष्य से अधिक तेजी से निर्णय ले सकती है या नहीं। असली सवाल यह है कि क्या उसे किसी मनुष्य का जीवन समाप्त करने का अधिकार दिया जाना चाहिए? युद्ध में विजय प्राप्त करने की आकांक्षा यदि मानवता के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिह्न लगा दे, तो ऐसी विजय का कोई अर्थ नहीं रह जाता। मशीनें कितनी भी बुद्धिमान क्यों न हो जाएं, उन्हें मनुष्य की संवेदना और विवेक का स्थान नहीं दिया जा सकता। सभ्यता की असली पहचान हथियारों की शक्ति से नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा करने की उसकी क्षमता से होती है।
