पश्चिम रेलवे का ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान, चार दिनों में 5.2 टन से अधिक कचरा एकत्र

मुंबई सेंट्रल मंडल में 4,100 से अधिक लोगों की भागीदारी, 83 कचरा संवेदनशील स्थान चिन्हित, 30 स्कूलों में छात्रों को स्वच्छता और कचरा पृथक्करण का दिया संदेश

मुंबई। राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल ने रेलवे स्टेशनों, कोचिंग डिपो, रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों और रखरखाव प्रतिष्ठानों में व्यापक सफाई एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। 17 से 20 सितंबर तक लगातार चार दिनों में रेल कर्मचारियों, विद्यार्थियों, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, स्वयंसेवी संगठनों, स्थानीय निकायों और यात्रियों सहित 4,100 से अधिक लोगों ने अभियान में भाग लिया। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार विभिन्न स्टेशनों और रेलवे इकाइयों में प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा गहन सफाई अभियान के दौरान गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष देखभाल श्रेणी सहित 5.2 टन से अधिक पृथक्कृत कचरा एकत्र किया गया। मंडल में कचरा फैलने की दृष्टि से संवेदनशील 83 क्लीन टारगेट यूनिट्स (CTU) की पहचान की गई, जिनमें से 23 स्थानों से 1.19 मीट्रिक टन जमा कचरा हटाकर करीब 1,387 वर्ग मीटर क्षेत्र का कायाकल्प किया गया। आठ पुनरुद्धार किए गए स्थानों का सौंदर्यीकरण करने के साथ चार स्वच्छता-थीम वाले सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए। ईएमयू कारशेड मुंबई सेंट्रल, कोच केयर सेंटर सूरत, जगजीवन राम अस्पताल, वलसाड, उधना और पालघर सहित ट्रैक तथा यार्ड क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ के तहत 30 स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे सेकेंडरी स्कूल वलसाड और वलसाड रेलवे स्कूल में विद्यार्थियों को संवादात्मक सत्रों, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा चार स्तर पर कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई। ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ कार्यक्रमों में 540 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। वलसाड स्थित ऑटोमैटिक कोच वॉशिंग प्लांट में विद्यार्थियों को जल पुनर्चक्रण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया, जिसमें रेलवे ने 70 प्रतिशत तक जल संरक्षण की जानकारी दी। पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन ने रेल निकुंज, मुंबई सेंट्रल में रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के पास जागरूकता रैली निकाली। बांद्रा और वलसाड स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया तथा नंदुरबार स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरियों और रैलियों के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य गतिविधियों के तहत पालघर रेलवे कॉलोनी में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं एचपीवी टीकाकरण परामर्श शिविर लगाया गया, जबकि सूरत और बिलिमोरा में सफाई मित्र शिविरों के दौरान 55 सफाई एवं हाउसकीपिंग कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए। अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय निकायों को भी जोड़ा गया। मीरा रोड और भायंदर स्टेशनों पर यूनिवर्सल सोच फाउंडेशन, सूरत और मढ़ी में लायंस क्लब, नवसारी में नगर निकाय कर्मियों तथा अमलनेर में पराक्रम अकादमी के विद्यार्थियों के साथ संयुक्त श्रमदान किया गया। कार्मिक विभाग ने बोरीवली रेलवे कॉलोनी में पौधारोपण एवं स्वच्छता गतिविधियां आयोजित कीं। पश्चिम रेलवे के मुताबिक इन गतिविधियों के माध्यम से मुंबई सेंट्रल मंडल ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संदेश को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *