ईंट भट्ठे पर खूनी संघर्ष, बुग्गी के खलवों से पीटकर प्रधान के भाई की मौत

बागपत, उत्तर प्रदेश। छपरौली थाना क्षेत्र के हलालपुर गांव में पेड़ तोड़ने को लेकर हुए विवाद में ग्राम प्रधान सुधीर खोखर के छोटे भाई संजीव (50) की मौत हो गई। प्रधान ने अपने सगे चाचा सेवानिवृत्त एएसआई उदयराज और उनके दोनों बेटों सन्नी व आर्यन उर्फ पोलू पर बुग्गी के खलवों से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना में प्रधान सुधीर और उनके भाई राजीव के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। प्रधान सुधीर के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह वह अपने भाई राजीव के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचे थे। वहां उनके चाचा उदयराज ने अपने बेटों सन्नी और आर्यन के साथ गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रखी थी। आरोप है कि तीनों वहां लगे लिपस्टिक के पेड़ तोड़ रहे थे। सुधीर और राजीव ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर तीनों ने कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान छोटा भाई संजीव भी वहां पहुंच गया और उसने गाली-गलौज का विरोध किया। प्रधान का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने बुग्गी के खलवों से उन पर हमला कर दिया। कई वार लगने से संजीव जमीन पर गिर पड़ा। उसके मुंह से खून निकलता देख परिजन उसे छपरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रधान ने बताया कि उनके चाचा उदयराज दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त एएसआई हैं, जबकि सन्नी उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। मामले में सीओ अंशु जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कोई खुली चोट नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *