नियमों का उल्लंघन: बांद्रा के नवनीत मोटर्स का व्यवसाय प्रमाणपत्र 30 दिन के लिए निलंबित
वाहन का पंजीकरण होने से पहले ही ग्राहक को सौंप दी थी गाड़ी, परिवहन आयुक्त ने जारी किया आदेश

मुंबई। वाहन का आधिकारिक पंजीकरण होने से पहले ही ग्राहक को गाड़ी सौंपने के मामले में परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बांद्रा स्थित वाहन वितरक मेसर्स नवनीत मोटर्स का व्यवसाय प्रमाणपत्र 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार को इस संबंध में परिवहन आयुक्त ने आदेश जारी किए हैं। परिवहन विभाग की जांच में सामने आया कि नवनीत मोटर्स ने 13 अक्टूबर 2026 को एमएच 01 एफएम 2211 नंबर का वाहन आधिकारिक पंजीकरण से पहले ही वाहन मालिक को सौंप दिया था। इस वाहन का मोटर वाहन कर 12 अक्टूबर को जमा किया गया था, जबकि इसका विधिवत पंजीकरण 16 अक्टूबर को हुआ। नियमों के अनुसार, वाहन का पंजीकरण होने के बाद उस पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (HSRP) लगाना अनिवार्य है। जांच में स्पष्ट हुआ कि वितरक ने पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही वाहन ग्राहक के हवाले कर दिया था। इस मामले में 6 नवंबर 2026 को संबंधित वाहन वितरक को सुनवाई का अवसर दिया गया। इसके बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर परिवहन आयुक्त ने उसका व्यवसाय प्रमाणपत्र 30 दिनों के लिए निलंबित करने का आदेश दिया।
दूसरे राज्यों में वाहन पंजीकरण कराने वालों पर भी नजर
परिवहन विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में रहने वाले कुछ वाहन मालिक राज्य का मोटर वाहन कर बचाने के उद्देश्य से अपने वाहनों का पंजीकरण दूसरे राज्यों में करा रहे हैं। ऐसे वाहनों की जांच के लिए विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि दूसरे राज्यों में पंजीकृत वाहनों का महाराष्ट्र की सड़कों पर बार-बार इस्तेमाल करते हुए पाए जाने पर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। सह परिवहन आयुक्त (आईटी) शैलेश कामत ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे नियमानुसार अपने वाहनों का पंजीकरण महाराष्ट्र में ही कराएं।
