उत्तर प्रदेश देश के विकास का इंजन बनकर उभर रहा: अमित शाह

ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के विकास का इंजन बनकर उभर रहा है और प्रदेश में निवेश तथा उत्पादन का माहौल तेजी से मजबूत हुआ है। अमित शाह ने कहा कि 25 सितंबर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती का दिन भी है। दीनदयाल उपाध्याय ने बहुत पहले मुक्त व्यापार और मुक्त खेती की अवधारणा के साथ देश के सामने आर्थिक नीति का एक दृष्टिकोण रखा था। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आगे चलकर अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को नई दिशा मिली। शाह ने यूपीआईटीएस को उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर का उदाहरण बताते हुए कहा कि पहले संस्करण में व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश आने की इच्छा जताई, दूसरे और तीसरे संस्करण में उनकी भागीदारी बढ़ी और अब चौथे संस्करण में उद्यमी प्रदेश के विकास में भागीदार बनने के लिए आगे आ रहे हैं। दुनिया भर से खरीदार और निवेशक ट्रेड शो में पहुंचे हैं। इससे प्रदेश में निवेश, उत्पादन और बिक्री बढ़ने की संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस ट्रेड शो में पहली बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देशों के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। इन देशों की भागीदारी से व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, सोर्सिंग, निवेश और नए बाजारों तक उत्तर प्रदेश के उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के अवसर मिलने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों की बी2बी बैठक तथा सेक्टोरल नीति सत्रों के जरिए निवेश की नई संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले यूपीआईटीएस में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बी2बी खरीदारों एवं आगंतुकों, 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों और 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र की विविधता भी दिखाई देगी। ऑटोमोबाइल, ईवी, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फूड प्रोसेसिंग, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, फार्मा, मेडिकल उपकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, पर्यटन, खेल, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा और कौशल सहित विभिन्न क्षेत्रों को इसमें शामिल किया गया है। आयोजन में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और पाक पहचान को भी विशेष स्थान दिया गया है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ इस वर्ष ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को विशेष पहचान दी जाएगी। इसके माध्यम से विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। पांच दिवसीय ट्रेड शो में बिजनेस एंगेजमेंट, नॉलेज सेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड्स, फैशन शो और लेजर शो सहित कई गतिविधियां आयोजित होंगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। आयोजन के जरिए उत्तर प्रदेश की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, एमएसएमई, ओडीओपी-ओडीओसी उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि, पर्यटन, नवाचार और उभरते उद्योगों को देश-विदेश के खरीदारों और निवेशकों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
