
मुंबई। वरली पुलिस ने 28 सितंबर को बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में मामले दर्ज किए हैं। पहली घटना दोपहर करीब 2:43 बजे की है, जब गोरेगांव ईस्ट के लोढ़ा फियोरेन्ज़ा में रहने वाले 21 वर्षीय आदित्य जतिन अरोड़ा ने अपनी इनोवा गाड़ी स्पीड लिमिट से अधिक रफ्तार पर चलाई। सी लिंक के नॉर्थ चैनल में पोल नंबर 75 के पास उसने गाड़ी को खतरनाक तरीके से घुमाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस लापरवाह ड्राइविंग से न केवल उसकी जान खतरे में पड़ी बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा को भी गंभीर जोखिम हुआ। इस मामले में अरोड़ा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है और जांच जारी है। दूसरी घटना शनिवार सुबह करीब 11:20 बजे की है, जब बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर बांद्रा की ओर जा रही एक टैक्सी और हुंडई वरना में टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हुंडई ने पीछे से टैक्सी को टक्कर मारी, जिससे टैक्सी पलट गई। इस हादसे में टैक्सी चालक अमजार हुसैन खान (49) और यात्री देवलाल सोनी घायल हो गए। दोनों को भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद हुंडई कार का चालक मौके से फरार हो गया। गवाहों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। टैक्सी के मालिक मशा शेख (निवासी बांद्रा वेस्ट) ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में लापरवाही से वाहन चलाने का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इन घटनाओं ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।