उन्नाव में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प
मोहान विधानसभा के मेहंदी खेड़ा स्थित सपा कार्यालय में जुटे पदाधिकारी और कार्यकर्ता, नेताजी के आदर्शों को किया याद

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर मोहान विधानसभा क्षेत्र के मेहंदी खेड़ा, हसनगंज स्थित समाजवादी पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए समाजवादी मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहान विधानसभा अध्यक्ष अशोक सिंह चौहान ‘गुड्डू’ ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का पूरा जीवन गरीबों, किसानों, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और नौजवानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बीता। उन्होंने हमेशा समाज के शोषित और वंचित वर्गों को सम्मान तथा अधिकार दिलाने के लिए आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि नेताजी ने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनके आदर्श आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अशोक सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नेताजी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि यही नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर मोहान विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी डॉ.आंचल वर्मा पासी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता के लिए निरंतर संघर्ष किया तथा समाज के कमजोर वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक पहचान दिलाने का प्रयास किया। डॉ. आंचल वर्मा पासी ने कहा कि नेताजी ने सामाजिक न्याय की जो अलख जगाई थी, उसे आगे बढ़ाना प्रत्येक समाजवादी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मोहान विधानसभा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके सपनों और विचारों को साकार करने के लिए संकल्पित है। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन, संघर्षों और समाजवादी आंदोलन में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व प्रत्याशी डॉ. आंचल वर्मा पासी, जिला सचिव शिव सिंह चौहान, पूर्व राष्ट्रीय सचिव राहुल यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतराम यादव, हसनगंज ब्लॉक अध्यक्ष सल्तनत बहादुर सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष संदीप यादव, विधानसभा सचिव जितेंद्र यादव, अमरदीप सिंह चौहान, रियाज अहमद, हसरुद्दीन, छात्र सभा अध्यक्ष छेदीलाल मौर्य, यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष सुदीप चौधरी और लोहिया वाहिनी अध्यक्ष सुजीत रावत उपस्थित रहे। इसके अलावा सेक्टर प्रभारी संदीप सिंह, महेंद्र रावत, परवेज खां, आदित्य यादव, आकाश सिंह चौहान, सचिन सिंह चौहान और सुरजन यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के आदर्शों, सामाजिक न्याय और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
