किलों पर प्रमाणित इतिहास बताने वाले प्रशिक्षित गाइड नियुक्त हों: राज ठाकरे

ऐतिहासिक तथ्यों और लोककथाओं में अंतर जरूरी, महाराष्ट्र के किलों के लिए स्थायी प्रदर्शनी बनाने का प्रस्ताव

पुणे। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने राज्य के ऐतिहासिक किलों पर विशेषज्ञों द्वारा चयनित प्रशिक्षित गाइड नियुक्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को किलों का प्रमाणित इतिहास बताया जाना चाहिए, न कि लोककथाओं और मिथकों को ऐतिहासिक तथ्य के रूप में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। ठाकरे ने महाराष्ट्र के किलों को समर्पित अलग-अलग गैलरी के साथ एक स्थायी ऐतिहासिक प्रदर्शनी स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। सोमवार को पुणे के रमनबाग स्थित न्यू इंग्लिश स्कूल में ‘समरभूमि – फोर्ट पन्हाळा’ लाइट एंड साउंड शो के उद्घाटन अवसर पर ठाकरे ने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों पर गाइडों की नियुक्ति विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों के चयन के आधार पर होनी चाहिए। केवल इतिहास से जुड़ी कहानियां सुनाने की क्षमता के आधार पर किसी को गाइड बनने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रमाणित इतिहास और लोककथाओं के बीच अंतर स्पष्ट होना जरूरी है, अन्यथा पर्यटकों तक गलत जानकारी पहुंच सकती है। इतिहासकार एवं लेखक बाबासाहेब पुरंदरे का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने कहा कि किसी को भी इतिहास पर पूर्ण अधिकार होने का दावा नहीं करना चाहिए। नए दस्तावेजों और शोध के आधार पर ऐतिहासिक घटनाओं की समझ में बदलाव संभव है।
लोककथा और प्रमाणित इतिहास अलग-अलग
राज ठाकरे ने एक प्रचलित कथा का उदाहरण दिया, जिसमें बताया जाता है कि एक किले में करीब 200-250 मराठा सैनिक मुगल सेना की घेराबंदी में फंस गए थे। बाहर लगभग 3,000-4,000 मुगल सैनिक मौजूद थे। कथा के अनुसार, किले की एक बुजुर्ग महिला ने सैनिकों के साथ मिलकर चावल-दाल की हजारों थालियां तैयार कीं और उन्हें नीचे मुगल सेना की ओर फेंक दिया। इससे मुगलों को किले में बड़ी सेना होने का भ्रम हुआ और उन्होंने घेराबंदी हटा ली। ठाकरे ने स्पष्ट किया कि यह एक लोककथा है, प्रमाणित इतिहास नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसी कहानियां मनोरंजक होने के साथ कठिन परिस्थितियों से निपटने की प्रेरणा दे सकती हैं, लेकिन इतिहास को तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर समझना चाहिए।
शिवाजी महाराज को याद करना केवल मूर्तियों तक सीमित न रहे
ठाकरे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को याद करने का अर्थ केवल उनकी मूर्तियां स्थापित करना या जयंती-पुण्यतिथि मनाना नहीं होना चाहिए। उनके विचारों और शिक्षाओं को समाज के व्यवहार में उतारना जरूरी है। बाबासाहेब पुरंदरे के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने ब्रिटेन की ऐतिहासिक हस्तियों को वहां के लोगों की सामूहिक चेतना का हिस्सा बताया। ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में भी शिवाजी महाराज के विचारों को आत्मसात कर उनके आदर्शों के अनुरूप राज्य को आगे ले जाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
किलों के लिए स्थायी प्रदर्शनी बनाने का सुझाव
राज ठाकरे ने महाराष्ट्र के किलों के इतिहास को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने के लिए एक स्थायी प्रदर्शनी बनाने का प्रस्ताव रखा। इसमें प्रत्येक किले के लिए अलग गैलरी हो, जहां पर्यटक उसके इतिहास, महत्व और घटनाओं को समझ सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ चर्चा कर इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने रायगढ़ सहित कुछ किलों में रात के समय प्रवेश पर लगी पाबंदियों की समीक्षा करने का सुझाव भी दिया, ताकि पर्यटक ऐतिहासिक स्थलों को अधिक समय तक देख सकें।
20 मिनट के शो में पन्हाला का इतिहास जीवंत
‘समरभूमि – फोर्ट पन्हाळा’ प्रस्तुति का आयोजन ‘रमनबाग युवा मंच ढोल-ताशा पथक’ और ‘गोष्ट इथे संपत नाही’ ने किया है। करीब 20 मिनट के लाइट एंड साउंड शो में पन्हाला किले की ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाया गया है। इसमें सिद्दी जौहर की घेराबंदी, छत्रपति शिवाजी महाराज का विशालगढ़ की ओर प्रस्थान तथा बाजी प्रभु देशपांडे, शिवा काशीद और बांदल मावलों के बलिदान को प्रस्तुत किया गया है। ठाकरे ने प्रस्तुति के आयोजकों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *