
नोएडा। शहर में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नोएडा के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाते हुए प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने तत्काल कदम उठाए और एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बम डिस्पोजल स्क्वायड) और साइबर सेल की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिव नादर स्कूल, फादर एग्नेल स्कूल नोएडा, आर्मी पब्लिक स्कूल, श्रीराम मिलेनियम स्कूल और रामाज्ञा स्कूल को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इसके अलावा कुछ अन्य शैक्षणिक संस्थानों को भी इसी तरह के मेल मिलने की सूचना है, जिससे कुल मिलाकर नोएडा के आधा दर्जन से अधिक स्कूल प्रभावित बताए जा रहे हैं। रामाज्ञा स्कूल प्रशासन ने पुष्टि की कि उन्हें ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी मिली है। एहतियातन स्कूल को तुरंत बंद कर दिया गया और छात्रों की सुरक्षित डिस्पर्सल प्रक्रिया शुरू की गई। स्कूल बसों को वापस भेज दिया गया, जबकि पैदल आने वाले छात्रों के अभिभावकों से तुरंत बच्चों को लेने आने की अपील की गई। स्कूल द्वारा जारी सूचना के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों की छुट्टी सुबह 10:30 बजे और कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों की छुट्टी 10:45 बजे कर दी गई। वहीं, फादर एग्नेल स्कूल, नोएडा की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एहतियातन प्री-स्कूल को पूरे दिन के लिए बंद कर दिया गया है। स्कूल बस सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं और ऑनलाइन कक्षाएं भी आयोजित नहीं की जाएंगी। सूत्रों के अनुसार आर्मी पब्लिक स्कूल को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छुट्टी घोषित कर दी। अन्य प्रभावित स्कूलों में भी समान एहतियाती कदम उठाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही नोएडा पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बम निरोधक दस्ता पूरी तरह सक्रिय हो गया। स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली जा रही है, जबकि साइबर टीम धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अब तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। उन्होंने अभिभावकों और आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।




