झांसी में बस यात्री के बैग से सोने के आभूषण और नकदी चोरी का खुलासा

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में बस से यात्रा कर रहे एक यात्री के दो बैग चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। चोरी किए गए बैगों में सोने के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए थे। मामले के सफल खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार ने आठ पुलिस टीमों का गठन किया था। गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घटना में संलिप्त एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की पासबुक तथा बैंक में धनराशि जमा करने से संबंधित ट्रांजेक्शन रसीदें बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित की गई चोरी की धनराशि में से 17 लाख 6 हजार रुपये की रकम फ्रीज कराई गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश और चोरी की शेष धनराशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *