साहित्यिक संवाद के बीच होगा ‘तरुणाई के गीत’ का लोकार्पण

मुंबई। साहित्य और कविता के प्रति रुचि रखने वाले लोगों के लिए मीरा रोड में एक विशेष साहित्यिक आयोजन होने जा रहा है। हिंदी प्रचार एवं शोध संस्था, स्वर संगम फाउंडेशन और नीलम प्रकाशन के संयुक्त तत्वावधान में वरिष्ठ गीतकार डॉ. सुधाकर मिश्र के काव्य-संग्रह ‘तरुणाई के गीत’ का लोकार्पण एवं चर्चा-सत्र का आयोजन किया गया है। आयोजन रविवार 4 अक्टूबर 2026 को शाम साढ़े चार बजे मीरा रोड पूर्व स्थित पूनम सागर कॉम्प्लेक्स के विरुंगला केंद्र में शुरू होगा। कार्यक्रम इंदिरा गांधी अस्पताल के ऊपर प्रथम मंजिल पर आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ रचनाकार हृदयेश मयंक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि डॉ. संतोष कौल काक विशेष अतिथि होंगी। काव्य-संग्रह पर आयोजित चर्चा-सत्र में डॉ. (प्रोफेसर) शीतला प्रसाद दुबे, प्रो. डॉ. उमेश शुक्ल और डॉ. माधुरी सिंह पुस्तक तरुणाई के गीत पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार राकेश दुबे करेंगे। आयोजकों के अनुसार साहित्य प्रेमियों और रचनाकारों की मौजूदगी में काव्य-संग्रह की रचनाओं, उनके भाव पक्ष और साहित्यिक सरोकारों पर चर्चा की जाएगी। आयोजन में साहित्य से जुड़े लोगों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
