हाउस ऑफ स्टाइल संगीत महासंग्राम सीजन-9 का ग्रैंड फिनाले संपन्न, सिद्धार्थ राज और ब्लेसिंग वर्मा बने गायकी के विजेता

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। इंडियन इवेंट सोल्यूशन्स और होटल द कशिश क्राउन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हाउस ऑफ स्टाइल संगीत महासंग्राम सीजन-9 का ग्रैंड फिनाले होटल परिसर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। संगीत, नृत्य, मॉडलिंग और फैशन के संगम से सजे इस आयोजन में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गायकी में सिद्धार्थ राज और ब्लेसिंग वर्मा संयुक्त विजेता बने, जबकि गुनिका ने मिस शान-ए-अवध का खिताब अपने नाम किया। डांसिंग प्रतियोगिता में लकी और मेहर ने बाजी मारी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक पंकज गुप्ता, मुख्य संरक्षक इंद्रमणि मिश्रा, संजय एवं भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष निम्मी अरोड़ा, संस्थापक डॉ. मनीष सिंह सेंगर, डॉ. अभिषेक मिश्रा और इवेंट डायरेक्टर राहुल कश्यप ने गणपति पूजन-अर्चन के साथ किया। भगवान गणेश एवं शिव स्तुति पर शौर्य डांस एकेडमी के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह की शुरुआत को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब सिंगिंग प्रतियोगिता के निर्णायक और वॉयस ऑफ मुकेश सुबोध आर्या ने इवेंट के चीफ कोऑर्डिनेटर लक्ष्य निगम के दिवंगत पिता को समर्पित गीत ‘ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना’ प्रस्तुत किया। इस संगीतमय श्रद्धांजलि ने उपस्थित लोगों की आंखें नम कर दीं। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने भी अपने उद्बोधन में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। जूनियर डांसिंग प्रतियोगिता में मेहर तोलानी ने प्रथम, आकृति ने द्वितीय, तेजिता दीक्षित ने तृतीय, हिमश्री ने चौथा और आकृति शर्मा ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। सीनियर डांसिंग में लकी प्रथम, आशू एवं शिवम द्वितीय, पायल तृतीय और आदर्श चौथे स्थान पर रहे। सीनियर सिंगिंग प्रतियोगिता में सिद्धार्थ राज और ब्लेसिंग वर्मा के बीच प्रथम स्थान के लिए मुकाबला टाई रहा और दोनों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। महक विमल ने दूसरा, उत्कर्ष ने तीसरा, कार्तिक ने चौथा और साधना ने पांचवां स्थान हासिल किया। सीनियर मॉडलिंग प्रतियोगिता में गुनिका ने मिस शान-ए-अवध का खिताब अपने नाम किया। तनू गुप्ता प्रथम, सरगम द्वितीय और तनू पांडेय तृतीय स्थान पर रहीं। हैरी को मिस्टर हैंडसम का खिताब मिला, जबकि मिस प्राइड ऑफ इंडिया श्रिया गौतम शो स्टॉपर रहीं। सेलिब्रिटी मॉडल सौम्या और मॉडल अनुज ने भी रैंप वॉक किया। किड्स मॉडलिंग प्रतियोगिता में अन्वी गुप्ता ने प्रथम, शिवम गुप्ता ने द्वितीय, अन्वी ने तृतीय और काव्या ने चौथा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट अमोलक सिंह और सेलिब्रिटी फैशन डिजाइनर ईशान खान ने मॉडलिंग का निर्णायक मूल्यांकन किया, जबकि डिजाइनर एवं कोरियोग्राफर करन रॉय ने डांसिंग प्रतियोगिता का जजमेंट किया। सरिता सिंह राठौर ने मॉडल ईशा भारती का मेकअप करते हुए प्रतिभागियों को ब्यूटी टिप्स दिए तथा सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया। मेकअप पार्टनर प्रियंका मेकओवर और सरिता राठौर ने शो स्टॉपर्स के साथ रैंप वॉक कर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। आयोजन के दौरान प्रेम सिंह सेंगर, रविराज यादव, वेद प्रकाश साहू, रत्नेश सिंह, राहुल सिंह, रामबोध शुक्ला, मेकअप आर्टिस्ट दीपांजलि एवं अंशिका सोनी, कोरियोग्राफर राज शर्मा, कामना तोलानी, महेंद्र सिंह, शिक्षक नेता प्रदीप कुमार, विवेक त्रिवेदी और करन डेकोरेटर सहित अन्य विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन इवेंट कोऑर्डिनेटर एवं राइजिंग डांस एकेडमी के संस्थापक मोहम्मद तौफीक ने किया। अंत में प्रतियोगिता के संस्थापक डॉ. मनीष सेंगर ने बताया कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2005 में की गई थी। उन्होंने प्रतियोगिता के माध्यम से अपने करियर में सफलता हासिल करने वाले पूर्व विजेताओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संगीत, नृत्य, फैशन और भावनाओं के खूबसूरत संगम के साथ यह आयोजन यादगार बन गया।
