उज्जैन में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान तनाव, 2500 से अधिक जवान तैनात

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच सुरक्षा कड़ी, 8 FIR में 35 आरोपी नामजद, 24 गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

उज्जैन, मध्य प्रदेश। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के अंतर्गत शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान उपजे तनाव के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। स्थिति पर नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान 5 एएसपी, 21 डीएसपी और 32 टीआई स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। उज्जैन के अलावा रतलाम, नीमच, इंदौर, देवास और शाजापुर समेत कई पड़ोसी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। मौके पर आरएएफ और एसटीएफ की तीन कंपनियां भी तैनात हैं। कुल मिलाकर 2500 से अधिक जवानों और 850 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कर इलाके में कड़ा पहरा लगाया गया है। उपद्रव प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। छत्री चौक, लखेरवाड़ी, सराफा, कालिदास स्कूल क्षेत्र, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, खड़े हनुमान और सती गेट से कंठाल तक के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है। करीब 500 मीटर के दायरे में आठ ड्रोन कैमरों और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम नुमाइंदा कमेटी की ओर से तेज कर दिया गया है। मुस्लिम समाज के करीब 40 लोग दिन-रात मस्जिद के प्रभावित हिस्सों को हटाने के काम में जुटे हुए हैं। वहीं, 28 सितंबर को हुए उपद्रव के मामले में उज्जैन पुलिस की जांच जारी है। मामले में अब तक कुल 8 एफआईआर दर्ज कर 35 आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। भड़काऊ संदेश, अफवाहें और फर्जी वीडियो फैलाने वाले 100 से अधिक इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज/अकाउंट्स को ब्लॉक करवाया गया है। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले, घटना के दौरान और उसके बाद आरोपी किन लोगों और संगठनों के संपर्क में थे। पुलिस अन्य जिलों से भी आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड मंगवा रही है। यदि किसी आरोपी का आपराधिक इतिहास सामने आता है तो उसकी जमानत निरस्त कराने के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि उपद्रव करने और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *