
मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने पुरुषोत्तम मास के अवसर पर जोगेश्वरी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ में सहभागिता कर श्रद्धालुओं एवं भक्तों से संवाद किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि चरित्रवान, संस्कारित और आदर्श समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत की शिक्षाएं लोगों को नैतिक मूल्यों, सदाचार और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती हैं। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कथावाचक महावीर शरण शास्त्री का सम्मान किया और आयोजन के सफल संचालन के लिए सावरकर फाउंडेशन को बधाई दी। इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं नगरसेवक रुपेश सावरकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और भक्तगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

