सद्गुरु की फोटो बुक लॉन्च कार्यक्रम में छाईं तमन्ना भाटिया, गुलाबी साड़ी ने खींचा सबका ध्यान

विशाल भारद्वाज के साथ समारोह में पहुंचीं अभिनेत्री, ‘डिसअपीयरिंग फेसेस’ में सद्गुरु की 50 वर्षों की यात्रा की तस्वीरें शामिल

मुंबई। अभिनेत्री तमन्ना भाटिया और फिल्म निर्माता विशाल भारद्वाज हाल ही में आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु की फोटो बुक ‘डिसअपीयरिंग फेसेस’ से जुड़े एक विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। सद्गुरु की इस पुस्तक में उनकी करीब 50 वर्षों की यात्रा के दौरान खींची गई तस्वीरों का संग्रह है। मुंबई के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में पुस्तक को लेकर विशेष चर्चा भी हुई।
हल्की गुलाबी साड़ी में दिखा तमन्ना का खास अंदाज
कार्यक्रम में तमन्ना भाटिया अपने स्टाइलिश अंदाज को लेकर आकर्षण का केंद्र रहीं। अभिनेत्री हल्के गुलाबी रंग की खूबसूरत साड़ी पहनकर पहुंचीं। फूलों की हैंड प्रिंटिंग और मोतियों की बारीक कारीगरी वाली इस साड़ी ने सबका ध्यान खींचा। बताया जा रहा है कि करीब 65 हजार रुपये कीमत वाली इस साड़ी को फैशन ब्रांड पिचिका ने डिजाइन किया है। इसकी खासियत यह है कि फूलों की प्रिंटिंग मशीन से नहीं, बल्कि हाथों से की गई है।
हिमालय और तिब्बत की यात्राओं की तस्वीरें
‘डिसअपीयरिंग फेसेस’ में सद्गुरु की हिमालय और तिब्बत की यात्राओं की तस्वीरें शामिल हैं। इन यात्राओं के दौरान सद्गुरु ने कई वर्षों तक उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। पुस्तक उनकी आध्यात्मिक यात्रा के अलग-अलग पड़ावों को तस्वीरों के माध्यम से सामने लाती है।
शिवभक्ति के लिए भी जानी जाती हैं तमन्ना
कार्यक्रम के दौरान तमन्ना ने सद्गुरु के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। भगवान शिव के प्रति उनकी श्रद्धा पहले भी कई मौकों पर सामने आ चुकी है। अभिनेत्री कोयंबटूर स्थित सद्गुरु के ईशा योग केंद्र भी जाती रही हैं। वह महाशिवरात्रि के आयोजन में शामिल होने के साथ प्रसाद चढ़ाने की रस्म में भी हिस्सा ले चुकी हैं। तमन्ना की शिवभक्ति उनके फिल्मी किरदारों में भी नजर आई है। वह तेलुगु फिल्म ‘ओडेला 2’ में भगवान शिव की भक्त की भूमिका में दिखाई दी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *