सांताक्रुज पूर्व के राधा कृष्णा स्वीट एंड फरसाण मार्ट में बिना ‘बेस्ट बिफोर’ के बिक रही मिठाइयां

दीपावली की भीड़ के बीच खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप, एफडीए की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) आयुक्त तुकाराम मुंढे के सख्त निर्देशों के बावजूद दीपावली के दौरान मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप सामने आ रहे हैं। सांताक्रुज पूर्व रेलवे स्टेशन के पास स्थित राधा कृष्णा स्वीट एंड फरसाण मार्ट में खुले में बेची जा रही मिठाइयों पर ‘बेस्ट बिफोर’ की जानकारी अंकित नहीं होने का मामला सामने आया है। दीपावली के अवसर पर मिठाई खरीदने के लिए दुकान पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़ के बीच मिठाइयों की गुणवत्ता और उनकी बिक्री से जुड़े जरूरी मानकों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। खाद्य पदार्थों की सुरक्षित बिक्री के लिए आवश्यक जानकारी ग्राहकों को उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है, लेकिन दुकान पर मिठाइयों के संबंध में ‘बेस्ट बिफोर’ की जानकारी दिखाई नहीं दे रही है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के सख्त रुख के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि मिठाई विक्रेता खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीरता से पालन करेंगे। हालांकि, इस मामले ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान दुकानदारों की जिम्मेदारी और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकान पर मिठाई देने वाले कर्मचारी से ‘बेस्ट बिफोर’ अंकित नहीं होने के संबंध में पूछे जाने पर कथित तौर पर जवाब दिया गया कि दीपावली का समय है, ऐसे में ‘बेस्ट बिफोर’ कैसे लिखें। इस जवाब ने नियमों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब सवाल यह है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की कथित अनदेखी के इस मामले में एफडीए क्या कदम उठाता है? क्या विभाग दुकान का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेगा, या त्योहारों की भीड़ के बीच नियमों की अनदेखी जारी रहेगी? इस मामले में एफडीए की कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *