झांसी में बिना लाइसेंस-हेलमेट स्कूल नहीं आएंगे छात्र, अनफिट स्कूली वाहन होंगे सीज
ओवरलोड वाहनों पर 100% कार्रवाई के निर्देश; बड़ागांव क्षेत्र के 27-28 अवैध कट होंगे बंद

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा, ओवरलोड वाहनों, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो-रिक्शा व्यवस्था के साथ दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने निर्देश दिया कि प्रत्येक स्कूल में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस और हेलमेट के कोई भी छात्र-छात्रा दोपहिया वाहन से स्कूल न आए, इसे स्कूल प्रशासन द्वारा सख्ती से सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच को लेकर एआरटीओ को निर्देश दिए कि जांच में अनफिट मिलने वाला कोई भी स्कूली वाहन सड़क पर नहीं चलना चाहिए। ऐसे वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही स्कूली वाहनों के निजी चालकों का सत्यापन और उनकी चिकित्सीय जांच भी सुनिश्चित कराने को कहा गया।
ओवरलोड वाहनों पर होगी 100 फीसदी कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जल्द ही एसओपी जारी की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कोई भी वाहन बिना नंबर प्लेट के नहीं चलना चाहिए। नंबर प्लेट इस तरह साफ और स्पष्ट हो कि वाहन का नंबर आसानी से पढ़ा जा सके। शहर की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए झोकन बाग स्थित बांस मंडी के पीछे खाली स्थान पर पार्किंग विकसित करने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए गए। इसके लिए नगर निगम, झांसी विकास प्राधिकरण और यातायात विभाग की संयुक्त टीम को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग जोन में अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
ई-रिक्शा और ऑटो की अवैध पार्किंग पर सख्ती
शहर में बढ़ती ई-रिक्शा और ऑटो-रिक्शा की संख्या को देखते हुए चालकों और वाहनों की पहचान संबंधी आवश्यक जानकारी ऑटो-रिक्शा पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा अन्य स्थानों पर ई-रिक्शा और ऑटो खड़े किए जाने पर कार्रवाई करने को कहा गया।
बड़ागांव में बंद होंगे 27-28 अवैध कट
बड़ागांव क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अपर जिलाधिकारी ने विशेष चिंता जताई। बैठक में बताया गया कि क्षेत्र में करीब 27 से 28 अवैध कट दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उन्होंने एनएचएआई को सभी अवैध कट बंद कर उनकी तस्वीरों सहित कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एनएचएआई की ओर से बताया गया कि अवैध कटों को बैरियर अथवा कंटीले तार लगाकर बंद किया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
