उन्नाव में ओवरलोड वाहनों और अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश, स्कूलों के अनफिट वाहनों की मान्यता होगी रद्द

जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश, आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने, ब्लैक स्पॉट सुधारने और कोहरे में एंटी फॉग गन लगाने पर जोर

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने, सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने, शहरी अतिक्रमण हटाने और ओवरलोड व अवैध परिवहन पर रोक लगाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में ओवरलोड और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। प्रतिदिन अधिक से अधिक वाहनों को पकड़कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और कितने वाहनों पर कार्रवाई हुई, इसकी नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने अभियान चलाकर सड़कों पर चलने वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के भी निर्देश दिए।
आवारा पशु दिखे तो होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने गंगाघाट और उन्नाव के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक्सप्रेसवे पर घूम रहे आवारा पशुओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि कोहरे का मौसम है। ऐसे में पशुओं के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना या नुकसान होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में संचालित टेंपो, टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शा निर्धारित स्टैंड पर ही खड़े हों। शहर में जहां भी अतिक्रमण है, वहां अभियान चलाकर उसे हटाया जाए। इसके साथ ही अधिशासी अधिकारियों को शहर में उपयुक्त जमीन चिह्नित कर श्रमिकों के लिए लेबर अड्डे बनाने के निर्देश दिए।
स्कूलों के अनफिट वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालय वाहन सुरक्षा समिति का गठन करने और उसकी नियमित बैठक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अनफिट वाहन स्कूल में संचालित नहीं होना चाहिए। ऐसे वाहनों की गहन जांच कर उनकी मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाए। वाहन चालकों के चरित्र और स्वास्थ्य का सत्यापन भी प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा कराया जाए। यूपीडा के अधिकारियों को गंगा और यमुना की सीमा वाले क्षेत्रों में कोहरे की अधिक संभावना को देखते हुए एंटी फॉग गन लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जिले में चिह्नित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सड़कों पर अवैध कट, अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग हटाने के साथ यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। विद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास भी यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। दुर्घटना होने की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, संभागीय परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *