ठाणे की राजनीति में हलचल: प्रताप सरनाईक के बयान के बाद मीनाक्षी शिंदे का इस्तीफा
शिंदे गुट की जिला महिला आघाड़ी प्रमुख ने एकनाथ शिंदे को भेजा इस्तीफा पत्र, एसआईटी कर रही है हत्या के मामले की जांच

इंद्र यादव
ठाणे। ठाणे की पूर्व महापौर और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की ठाणे जिला महिला आघाड़ी प्रमुख मीनाक्षी राजेंद्र शिंदे ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा सौंपा। यह घटनाक्रम शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के ठाणे विभाग प्रमुख प्रदीप उर्फ बाळू पूर्णेकर की हत्या के मामले की जांच के बीच सामने आया है।
आरोप-प्रत्यारोप से मानसिक परेशानी का दावा
मीनाक्षी शिंदे ने अपने पत्र में कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में उनके खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे अपने और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ साजिश बताते हुए मानसिक परेशानी का जिक्र किया। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा पार्टी के प्रति निष्ठा से काम किया है, लेकिन जिन मामलों से उनका संबंध नहीं है, उनमें भी उनका नाम जोड़ा जा रहा है।
पार्टी की प्रतिष्ठा का हवाला देकर छोड़ा पद
मीनाक्षी शिंदे ने पत्र में कहा कि जिस नेतृत्व का सम्मान करने के लिए उन्होंने हमेशा काम किया, उसकी बदनामी का कारण बनना उन्हें स्वीकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तीफे का फैसला नाराजगी में नहीं, बल्कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व के सम्मान और पार्टी की प्रतिष्ठा बनाए रखने के उद्देश्य से लिया है।
हत्या की जांच के लिए एसआईटी गठित
प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। पुलिस मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे से पूछताछ कर चुकी है। पूर्णेकर परिवार और उद्धव ठाकरे गुट के नेता मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है और मामले में कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रताप सरनाईक के बयान के बाद इस्तीफा
इससे पहले महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा था कि जांच पूरी होने तक मीनाक्षी शिंदे को अपने पद से अलग रहना चाहिए। उनके इस बयान के करीब 24 घंटे के भीतर मीनाक्षी शिंदे ने इस्तीफा दे दिया। हालांकि, इस्तीफे के पीछे की वजहों को लेकर उनका पक्ष उनके पत्र में दर्ज है।
दोनों शिवसेना गुटों के बीच बढ़ा तनाव
पूर्णेकर हत्याकांड के बाद ठाणे में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे और संजय राउत भी पूर्णेकर परिवार से मिलने ठाणे पहुंचे थे। वहीं, शिंदे गुट के कार्यकर्ता मामले को राजनीतिक रंग दिए जाने का आरोप लगा रहे हैं।
नगरसेविका पद पर बनी रहेंगी मीनाक्षी शिंदे
मीनाक्षी शिंदे ने फिलहाल केवल ठाणे जिला महिला आघाड़ी प्रमुख पद से इस्तीफा दिया है। वह ठाणे महानगरपालिका की नगरसेविका बनी हुई हैं। उनके इस्तीफे को लेकर अब पार्टी नेतृत्व के फैसले पर नजर है। दूसरी ओर, पुलिस जांच जारी है और पूर्णेकर परिवार तथा विपक्षी नेताओं की ओर से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
