मुंबई में 8 और 9 अक्टूबर को बजेगा सायरन, BMC की अपील— घबराएं नहीं

फोर्ट और क्रॉस मैदान क्षेत्र में प्रोटोटाइप सायरन की होगी टेस्टिंग, प्रशासन ने कहा— यह केवल पूर्व नियोजित परीक्षण, कोई वास्तविक आपात स्थिति नहीं

मुंबई। मुंबई में 8 और 9 अक्टूबर को सायरन की आवाज सुनाई देने पर नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से अपील की है कि इन दोनों दिनों में शहर के कुछ हिस्सों में प्रोटोटाइप सायरन उपकरण की पूर्व नियोजित टेस्टिंग की जाएगी और इसका किसी वास्तविक आपात स्थिति या खतरे से कोई संबंध नहीं है। मुंबई के फोर्ट इलाके में पुराने सचिवालय तथा क्रॉस मैदान के पास स्थित नागरिक सुरक्षा महाविद्यालय की इमारतों पर लगाए गए सायरन की 8 और 9 अक्टूबर को जांच की जाएगी। परीक्षण के दौरान सायरन बजाए जाएंगे, जिसकी आवाज आसपास के क्षेत्रों में सुनाई दे सकती है। BMC प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया पहले से निर्धारित परीक्षण का हिस्सा है। इसलिए सायरन सुनकर नागरिक किसी तरह की अफवाह या गलतफहमी में न पड़ें और शांत रहें। महानिदेशक (नागरिक सुरक्षा), नई दिल्ली के मार्गदर्शन में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) की टीम ने यह प्रोटोटाइप सायरन उपकरण तैयार किया है। इसे पुराने सचिवालय की इमारत, फोर्ट तथा नागरिक सुरक्षा महाविद्यालय, क्रॉस मैदान की इमारत पर लगाया गया है। महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से परीक्षण के दौरान सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनधिकृत सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें। प्रशासन ने दोहराया कि सायरन का बजना किसी वास्तविक खतरे का संकेत नहीं होगा, बल्कि उपकरण की निर्धारित जांच का हिस्सा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *