माहिम ज्वेलर्स पर फायरिंग के बाद गुजरात भागे शूटर!

सीसीटीवी से खुलासा, लोकल ट्रेन से मलाड पहुंचे आरोपी, क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच, चार पुलिस टीमें तलाश में जुटीं

मुंबई। माहिम में पीसी जैन ज्वेलर्स पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को आरोपियों के फरार होने के रास्ते का सुराग मिला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटर मोटरसाइकिल से बांद्रा के लाल मिट्टी इलाके तक पहुंचे। वहां बाइक और जैकेट छोड़ने के बाद वे बांद्रा रेलवे स्टेशन गए और बोरीवली जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार होकर मलाड उतरे। इसके बाद मलाड ईस्ट से हाईवे के रास्ते गुजरात की ओर फरार हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुंबई पुलिस की चार टीमें तैनात की गई हैं।
क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच, स्थानीय गैंग पर शक
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच माहिम पुलिस से मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। हालांकि गोलीबारी का तरीका बिश्नोई गैंग की शैली जैसा दिखाई देने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इस गैंग से किसी भी संबंध से इनकार किया है। जांचकर्ताओं को आशंका है कि वारदात के पीछे किसी स्थानीय गैंग का हाथ हो सकता है। बुधवार शाम दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से माहिम के एल.डी. रोड पर होटल शोभा के पास स्थित पीसी जैन ज्वेलर्स पहुंचे और दुकान पर गोलीबारी कर फरार हो गए। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। शुरुआती जांच में रंगदारी के विवाद को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है। बताया गया है कि दुकान मालिक भरत जैन को वारदात से पहले रंगदारी के संदेश मिले थे।
भिवंडी से चोरी हुई थी बाइक, 1993 की हत्या का भी जिक्र
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बांद्रा के लाल मिट्टी इलाके से बरामद की है। जांच में पता चला कि यह बाइक कुछ दिन पहले भिवंडी से चोरी हुई थी। अब पुलिस चोरी की जगह के सीसीटीवी फुटेज हासिल करने की कोशिश कर रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता और जौहरी भरत जैन ने पुलिस को वर्ष 1993 में अपने बड़े भाई की दुकान पर हुई हत्या की जानकारी भी दी। बताया जाता है कि लूट की कोशिश के दौरान दुकान के कर्मचारियों ने ही उनके भाई की हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उस पुरानी हत्या और बुधवार को हुई गोलीबारी की घटना के बीच कोई संबंध नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *