महाराष्ट्र की सभी स्कूलों में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण होगा अनिवार्य

1.08 लाख स्कूलों के करीब 2.10 करोड़ विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश

मुंबई। महाराष्ट्र के सभी माध्यमों की 1 लाख 8 हजार स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 2 करोड़ 10 लाख विद्यार्थियों के लिए स्काउट-गाइड प्रशिक्षण अनिवार्य करने के निर्देश शालेय शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने दिए हैं। राज्य में फिलहाल करीब 30 हजार स्कूलों के 17 लाख 33 हजार विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब इसकी पहुंच सभी स्कूलों तक बढ़ाने की योजना है। बुधावर को मंत्री भुसे ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को केंद्र में रखते हुए सभी स्कूलों में स्काउट-गाइड गतिविधियां आवश्यक होंगी। इसके तहत परेड, संचलन और देशभक्ति गीतों पर कवायद को भी शामिल किया जाएगा। ‘आनंददायी शनिवार’ के अंतर्गत सप्ताह में दो पीरियड इस गतिविधि के लिए रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्काउट-गाइड गतिविधियों के लिए शिक्षकों को तालुका स्तर पर सात दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला परिषद स्कूलों के विद्यार्थियों का शुल्क और प्रशिक्षकों का मानधन शालेय शिक्षा विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। राज्य पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को फिलहाल तीन और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को दस अंक दिए जाते हैं। इन अंकों में वृद्धि के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, शालेय शिक्षा आयुक्त सचिंद्रप्रताप सिंह, एससीईआरटी निदेशक मंगेश जोशी, उपसचिव तुषार महाजन और स्काउट-गाइड के सहायक राज्य सचिव रमेश जाधव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *