संजय राऊत के 5 करोड़ की रिश्वत के आरोप पर भड़के संजय शिरसाट, बोले- ‘मातोश्री के पिछले दरवाजे से टेम्पो क्यों आते थे?

अण्णा भाऊ साठे प्रशिक्षण केंद्र के प्रस्ताव को लेकर सियासी घमासान, शिरसाट ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश, कहा- दो साल में 25 करोड़ का एक भी प्रस्ताव मंजूर करने का सबूत दें

’मुंबई। लातूर में लोकशाहीर अण्णा भाऊ साठे के नाम पर प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट द्वारा 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के सांसद संजय राऊत ने लगाया है। इस आरोप के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में घमासान शुरू हो गया है। शिरसाट ने पत्रकार परिषद लेकर राऊत के आरोपों को खारिज किया और पलटवार करते हुए उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ के पिछले दरवाजे से टेम्पो आने-जाने को लेकर सवाल खड़े किए। शिरसाट ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने 25 करोड़ रुपये का एक भी प्रस्ताव मंजूर किया हो तो उसका प्रमाण सामने रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय मंत्री के तौर पर उन्हें 10 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव मंजूर करने का अधिकार नहीं है। ऐसे प्रस्तावों के लिए मुख्यमंत्री की अनुमति आवश्यक होती है। उनके मुताबिक, उदगीरकर नाम के एक व्यक्ति ने 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया था। उनके पास कई प्रस्ताव आते हैं, जिनमें कुछ मंजूर होते हैं और कुछ खारिज किए जाते हैं। यह प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय राऊत ने इस प्रस्ताव को सीधे अण्णा भाऊ साठे के नाम से जोड़कर राजनीतिक रंग देने की कोशिश की है। शिरसाट ने कहा कि अण्णा भाऊ साठे का योगदान उन्हें अच्छी तरह मालूम है और उनके नाम का इस्तेमाल राजनीतिक आरोपों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या उद्धव ठाकरे ने कभी अण्णा भाऊ साठे की तस्वीर पर माल्यार्पण किया है? उन्होंने दावा किया कि वाटेगांव में अण्णा भाऊ साठे का भव्य स्मारक बनाया जा रहा है, जिसके लिए 50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। करीब पांच एकड़ जमीन पर स्मारक विकसित किया जाएगा। इसके अलावा महाड के चवदार तालाब के सुंदरीकरण के लिए 90 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर महापुरुषों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल केवल राजनीति के लिए करने का आरोप लगाया।
संजय राऊत के इस बयान पर कि उद्धव ठाकरे ने शिरसाट को मंत्री नहीं बनाया, शिरसाट ने भी तीखा जवाब दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे ने अपनी पसंद के लोगों को मंत्रिमंडल में जगह दी और अनिल परब तथा सुभाष देसाई को मंत्री बनाया। उन्होंने निर्दलीय विधायक शंकर गडाख को एक दिन में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर भी सवाल उठाया। शिरसाट ने कहा कि उन्हें मंत्री नहीं बनाए जाने के पीछे क्या वजह थी, यह राऊत को बताना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने मातोश्री के पिछले दरवाजे से टेम्पो आने-जाने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें इस मामले पर बोलने के लिए मजबूर न किया जाए।
शिरसाट ने दलित और बौद्ध समाज के प्रतिनिधित्व को लेकर भी उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि उद्धव ठाकरे के मंत्रिमंडल में कितने दलित और बौद्ध समाज के मंत्री थे। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में दलित विद्यार्थियों के छात्रावासों के लिए 1,200 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जबकि वामनदादा कर्डक के स्मारक के लिए साढ़े 14 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बौद्ध गया में 10 एकड़ जमीन की मांग करने और मुख्यमंत्री से इस संबंध में बातचीत कराने का भी जिक्र किया। साथ ही विभागीय कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि और पदोन्नति किए जाने का दावा किया। शिरसाट ने कहा कि मंत्री बने उन्हें दो साल हो चुके हैं। यदि उन्होंने इस अवधि में 25 करोड़ रुपये का कोई प्रस्ताव मंजूर किया है तो राऊत उसका प्रमाण दें। उन्होंने कहा कि सरकारी पैसा जनता का है और उसका गलत इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। जिस व्यक्ति के प्रस्ताव को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसकी पृष्ठभूमि की भी जांच होनी चाहिए। अंत में शिरसाट ने चेतावनी दी कि उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई तो वह इसका कड़ा जवाब देंगे। फिलहाल संजय राऊत के रिश्वत मांगने के आरोप और संजय शिरसाट के पलटवार के बाद यह मामला महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। दोनों नेताओं के बयानों के बीच अब आरोपों की सच्चाई और प्रस्ताव से जुड़े तथ्यों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *