
मुंबई। जालना जिले में समृद्धी महामार्ग पर 1 अप्रैल 2026 को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली आठ महिलाओं के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। देवेंद्र फडणवीस द्वारा घोषित मदद के तहत मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रत्येक मृतक के वारिस को 5 लाख रुपये के हिसाब से कुल 40 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। यह राशि जालना जिलाधिकारी के खाते में स्थानांतरित कर दी गई है। यह दुर्घटना जालना शहर के पास कडवंची गांव के समीप शाम करीब 5 बजे हुई, जब मजदूरों को ले जा रहे एक पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आठ महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज जालना के अस्पताल में जारी है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही समृद्धी महामार्ग नियंत्रण कक्ष से तत्काल आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर भेजी गईं। एम्बुलेंस और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। सरकार ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों का सत्यापन कर सहायता राशि शीघ्र वितरित की जाए। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए घायलों को भी बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश प्रशासन को दिए हैं। जरूरतमंद नागरिक मुख्यमंत्री सहायता निधि से संबंधित जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1800 123 2211 पर संपर्क कर सकते हैं।




