जनपद स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में सकरन का दबदबा, बालक-बालिका दोनों वर्गों में बना विजेता

सीतापुर, उत्तर प्रदेश। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल के मार्गदर्शन में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम, सीतापुर में जूनियर बालक-बालिका जनपद स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सकरन की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों में जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रियांशी सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने और टॉस कराने के साथ किया। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला सकरन और खैराबाद की टीमों के बीच खेला गया। इसमें सकरन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खैराबाद को 43-28 अंकों से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग के फाइनल में भी सकरन और खैराबाद की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में सकरन की बालिका टीम ने 17-13 अंकों से जीत दर्ज कर खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रियांशी सक्सेना ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
