कर्नाटक विधान भवन पहुंचे सचिन अहिर

कर्नाटक विधान परिषद के सभापति और उपसभापति से की मुलाकात, महाराष्ट्र विधान भवन आने का दिया निमंत्रण

बेंगलुरु। महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर ने अपने दो दिवसीय कर्नाटक दौरे के पहले दिन कर्नाटक विधान भवन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक विधान परिषद के सभापति सलीम अहमद और उपसभापति उमाश्री से शिष्टाचार भेंट कर वहां की विधायी कार्यप्रणाली की जानकारी ली और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। अहिर ने बताया कि महाराष्ट्र में विधानसभा और विधान परिषद सदस्यों के विधायी कामकाज के लिए आधुनिक डैशबोर्ड प्रणाली सफलतापूर्वक लागू की गई है। उन्होंने इसी तर्ज पर कर्नाटक में भी ऐसी प्रणाली विकसित करने का सुझाव दिया। कर्नाटक की ओर से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने की बात कही गई। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच विधायी संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से सचिन अहिर ने कर्नाटक विधान परिषद के सभापति और उपसभापति को महाराष्ट्र विधान भवन का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया। दौरे के दौरान अहिर ने कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री यू.टी. खादर से भी मुलाकात की। दोनों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर महाराष्ट्र विधानमंडल सचिवालय के सचिव डॉ. विलास आठवले भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *