रामविलास पासवान दलितों-वंचितों की प्रखर आवाज थे: मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ में छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी रहे मौजूद

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर गुरुवार को सुशांत गोल्फ सिटी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भजन का भी आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामविलास पासवान जुझारू तेवर वाले जननेता थे और उन्होंने अपने संघर्ष से सामाजिक चेतना को नया आयाम दिया। उन्होंने कहा कि करीब पांच दशक पहले बिहार में उभरे रामविलास पासवान दलितों और वंचितों की प्रखर आवाज बने और जनता ने उन्हें भारी मतों से संसद पहुंचाया। योगी ने कहा कि सांसद के रूप में उन्हें भी लंबे समय तक रामविलास पासवान के साथ संसद में काम करने का अवसर मिला। पासवान भारतीय परंपरा के प्रति सम्मान रखते थे और दलित-वंचित समाज को न्याय व सम्मान दिलाने के लिए लगातार सक्रिय रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान की अनुपस्थिति आज भी महसूस होती है, लेकिन उनके पुत्र एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के लिए चिराग पासवान का आभार जताया और कहा कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित रामविलास पासवान के परिवार के सदस्य, जनप्रतिनिधि और समर्थक भी मौजूद रहे।
