राहुल गांधी संविधान के असली चोर, संवैधानिक व्यवस्था बदलने की रच रहे साजिश: देवेंद्र फडणवीस

नागपुर में NDA के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मोर्चे में मुख्यमंत्री का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरकर भी लड़ेंगे

नागपुर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर वे संविधान द्वारा स्थापित व्यवस्था को उलटने की साजिश रच रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी का उद्देश्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं में बदलाव कर देश में अति-वामपंथी व्यवस्था स्थापित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतचोरी का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी ही वास्तव में संविधान के चोर हैं। चुनाव आयोग और देश की संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में गुरुवार, 5 नवंबर को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मोर्चा निकाला गया। इस दौरान आयोजित सभा में मुख्यमंत्री फडणवीस ने विपक्ष पर निशाना साधा। मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, श्रम मंत्री आकाश फुंडकर, विधायक प्रवीण दटके, परिणय फुके और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी मौजूद रहे। फडणवीस ने कहा कि जब तक देश में संविधान है, तब तक यह लड़ाई संसद में चर्चा के माध्यम से ही लड़ी जाएगी। हालांकि, जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर संघर्ष करने के लिए भी NDA तैयार है। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा- आप एक लाख लोगों को लेकर आएंगे तो हम एक करोड़ लोगों को लेकर आएंगे।
संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश की व्यवस्था में बदलाव के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रियाओं से जुड़े तत्व राहुल गांधी की मदद कर रहे हैं। उनके अनुसार, विपक्ष की रणनीति संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना, उनके खिलाफ गलत नैरेटिव तैयार करना और मौजूदा व्यवस्था को बदलने का प्रयास करना है। फडणवीस के नेतृत्व में यह मोर्चा यशवंत स्टेडियम से शुरू होकर संविधान चौक तक निकाला गया।
बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना
फडणवीस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी दादी द्वारा किए गए कार्यों से भी आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में शामिल बांग्लादेशी घुसपैठियों के चार करोड़ नाम हटाए जाने की संभावना के कारण विपक्ष एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर असहज है।
नितिन गडकरी बोले- कांग्रेस अराजकता को बढ़ावा दे रही
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकार समाप्त करने वाली कांग्रेस अब देश में अराजकता फैलाने की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान बदलने के नाम पर जनता में भ्रम फैलाया जा रहा है। गडकरी ने कहा कि संसद चर्चा का मंच है, लेकिन विपक्ष का संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान कम होता जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर बांग्लादेशी घुसपैठियों और नक्सलवाद को प्रोत्साहन देने का आरोप भी लगाया।
बावनकुळे का आरोप- कांग्रेस सकारात्मक राजनीति नहीं कर सकती
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने कहा कि विपक्ष ने 2024 में ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे, लेकिन केरल विधानसभा चुनाव में उसी मशीन से जीत मिलने पर उसे सही बताया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार तथ्यहीन आरोप लगाकर राजनीति कर रही है और सकारात्मक राजनीति करने में असफल है।
नागपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
मोर्चे के माध्यम से भाजपा ने नागपुर में शक्ति प्रदर्शन किया। नागपुर जिले सहित विदर्भ के विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। भाजपा के सहयोगी दलों के नेता भी मंच पर उपस्थित रहे। भारी भीड़ को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *