एसटी के एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड टेंडर पर उठे सवाल, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मांगी पूरी रिपोर्ट

टेंडर प्रक्रिया से लेकर ठेकेदार कंपनी के चयन तक की जांच होगी, सभी प्रशासनिक और तकनीकी दस्तावेज तत्काल पेश करने के निर्देश

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी महामंडल) की एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड परियोजना की निविदा प्रक्रिया को लेकर मीडिया में सामने आ रही खबरों के बाद परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने एसटी महामंडल के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को परियोजना की शुरुआत से अब तक अपनाई गई सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी संबंधित दस्तावेजों के साथ तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड परियोजना के क्रियान्वयन, निविदा प्रक्रिया और ठेकेदार कंपनी के चयन को लेकर मीडिया में कई सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री सरनाईक ने कहा कि यह स्पष्ट होना जरूरी है कि निविदा प्रक्रिया किस तरीके से पूरी की गई, इसके लिए कौन-से प्रशासनिक और तकनीकी मानदंड निर्धारित किए गए थे, निविदा जारी होने से लेकर अंतिम ठेका मंजूर होने तक कौन-कौन से चरण पूरे किए गए और संबंधित कंपनी का चयन किन आधारों पर किया गया।
टेंडर से लेकर कंपनी चयन तक के दस्तावेज मांगे
मंत्री ने अधिकारियों से निविदा प्रक्रिया से जुड़े सभी फैसलों और प्रशासनिक मंजूरी के आदेश, निविदा की शर्तें, तकनीकी एवं वित्तीय पात्रता के मानदंड तथा प्रक्रिया में शामिल सभी कंपनियों की बोलियां (बिड) प्रस्तुत करने को कहा है। इसके अलावा कंपनियों की तुलनात्मक जानकारी, तकनीकी जांच और वित्तीय मूल्यांकन रिपोर्ट, निविदा मूल्यांकन समिति की कार्यवाही का विवरण तथा चयनित कंपनी के चयन में अपनाए गए मानदंडों से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
स्मार्ट कार्ड की कीमत और आर्थिक लेनदेन का भी होगा खुलासा
रिपोर्ट में निविदा मंजूरी, कार्यादेश, अनुबंध, परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े दस्तावेज और स्मार्ट कार्ड की कीमत तय करने की प्रक्रिया का विवरण भी शामिल करने को कहा गया है। महामंडल और संबंधित कंपनी के बीच आर्थिक लेनदेन का स्वरूप, राजस्व से जुड़ी शर्तें, परियोजना से संबंधित पत्राचार, प्रशासनिक मंजूरियां और संचालक मंडल के प्रस्तावों की जानकारी भी मांगी गई है।
हर चरण की पारदर्शिता पर जोर
मीडिया में उठाए गए सवालों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री प्रताप सरनाईक ने परियोजना की पूरी वस्तुस्थिति स्पष्ट करने पर जोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि मांगी गई सभी जानकारियां बिना किसी देरी के संकलित की जाएं और संबंधित दस्तावेजों के साथ अधिकारियों का स्पष्ट अभिप्राय भी शामिल कर विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *