प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर अरविंद भारतीया की हत्या, बच्चा पासी समेत आठ के खिलाफ FIR

साजन मेहता हत्याकांड के मुख्य गवाह थे अरविंद, बहन ने लगाया धमकियां देने और समझौते का दबाव बनाने का आरोप, पोस्टमार्टम में नौ गोलियां लगने की बात आई सामने

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। अल्लापुर में प्रॉपर्टी डीलर अरविंद भारतीया (30) की गोली मारकर हत्या के मामले में कुख्यात गैंगस्टर और पूर्व पार्षद निहाल उर्फ बच्चा पासी समेत आठ लोगों के खिलाफ जार्जटाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक की बहन गुड़िया देवी की शिकायत पर हत्या, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बच्चा पासी को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का करीबी बताया जाता है। उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। शिकायत के अनुसार, अरविंद साजन मेहता हत्याकांड का चश्मदीद गवाह था। सितंबर 2025 में जार्जटाउन थाने में इस हत्याकांड की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप है कि मुकदमे में गवाही देने के बाद से अरविंद को लगातार धमकियां मिल रही थीं और आरोपियों की ओर से समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। प्राथमिकी में निहाल उर्फ बच्चा पासी पुत्र स्वर्गीय जगत पासी निवासी रम्मन का पुरवा, थाना धूमनगंज के अलावा गुड्डू पासी, प्रिंस पासी, मनीष पासी, गोलू पासी, ईशु भारतीय, सरिता और कोमल को नामजद किया गया है। मामले की विवेचना निरीक्षक बाबन राम को सौंपी गई है।
सैलून में घुसकर बरसाईं गोलियां
घटना 26 नवंबर की शाम करीब छह बजे अल्लापुर में यूको बैंक तिराहे के पास स्थित एक सैलून में हुई। अरविंद अपने घर से करीब 200 मीटर दूर सैलून में सेविंग कराने गया था। वह अपनी मौसी के घर आयोजित तिलक समारोह में जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान नकाबपोश हमलावर सैलून में पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अरविंद जैसे ही सेविंग कराने के लिए कुर्सी पर बैठा, कुछ देर बाद टोपी पहने और गमछे से चेहरा ढके तीन युवक सैलून में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने नाई को किनारे किया और अरविंद के सिर पर पहली गोली मारी। इसके बाद अन्य हमलावरों ने भी फायरिंग की। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल अरविंद को एसआरएन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावरों के साथ आसपास मौजूद बाइक सवारों के भी भागने की जानकारी सामने आई है।
पोस्टमार्टम में नौ गोलियां लगने की बात
अरविंद की हत्या के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से वारदात की गंभीरता से जुड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, अरविंद को कुल नौ गोलियां लगी थीं। इनमें चेहरे पर पांच, कंधे पर तीन और पीठ पर एक गोली लगने की बात कही गई है। बताया गया है कि आठ गोलियां शरीर के आर-पार हो गईं, जबकि एक गोली सीने में फंसी मिली, जिसे पोस्टमार्टम के दौरान निकाला गया।
बच्चा पासी पर साजिश रचने का आरोप
अरविंद की हत्या के मामले में परिजनों ने बच्चा पासी समेत आठ लोगों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। शिकायत में गवाही के बाद मिल रही धमकियों और समझौते के दबाव का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *