बांगरमऊ के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता, खुशबू ने हासिल किया प्रथम स्थान
सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ आयोजन, रोशनी द्वितीय और नैंसी रहीं तृतीय

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। बांगरमऊ स्थित इंदिरा गांधी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में छिपी रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक सोच और विभिन्न विषयों पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने की क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और कला के माध्यम से आकर्षक पोस्टर तैयार किए। निर्णायक मंडल में डॉ. सविता राजन और डॉ. किरण राही शामिल रहीं। निर्णायक मंडल के अवलोकन एवं निर्धारित अंक योजना के आधार पर बीए की छात्रा खुशबू ने प्रथम स्थान, बीएससी की रोशनी ने द्वितीय स्थान तथा बीएससी की नैंसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय नारायण ने विजेता छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में प्राची श्रीवास्तव, दीपिका, तनवीर, फातिमा, नीलू और शांति देवी सहित अन्य छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टरों की भी सराहना की गई। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी डॉ. सुनीता निरंकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. हरिओम दिवाकर, डॉ. धर्मेंद्र द्विवेदी, डॉ. अभय राजपूत, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. शैलजा त्रिपाठी, डॉ. सुमन देवी सहित महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
