नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मी को कार से टक्कर, 200 मीटर तक घसीटता ले गया चालक
दिलीप भोई गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

मुंबई। नवी मुंबई के कळंबोली इलाके में पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। वाहन जांच के लिए तैनात पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस कॉन्स्टेबल को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस घटना में कॉन्स्टेबल दिलीप भोई गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, कळंबोली इलाके में पुलिस नियमित रूप से नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान कार ने सामने खड़े कॉन्स्टेबल दिलीप भोई को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही भोई कार के बोनट पर जा गिरे। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस को देखकर भागने की वजह क्या थी?
इस घटना ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नाकाबंदी के दौरान पुलिस के रुकने का संकेत देने के बावजूद चालक का वाहन की रफ्तार बढ़ाना और पुलिसकर्मी को टक्कर मारने के बाद भी न रुकना कई सवाल पैदा करता है। आखिर चालक पुलिस को देखकर भाग क्यों रहा था? क्या वह किसी कानूनी कार्रवाई से बचना चाहता था या फिर उसने जानबूझकर पुलिसकर्मी को टक्कर मारी? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
