
ठाणे। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ठाणे पुलिस ने ‘पुलिस मित्र’ पहल को नई गति दी है। ठाणे पुलिस आयुक्तालय और ईगल ब्रिगेड फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किए गए इस अभियान को ‘आइए ठाणे पुलिस के मित्र बनें’ शीर्षक के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। इस पहल के तहत पुलिस आयुक्त आशुतोष डूम्बरे ने अधिक से अधिक नागरिकों से इसमें शामिल होने की अपील की है। वर्तमान में ठाणे पुलिस आयुक्त क्षेत्र में करीब 8,000 ‘पुलिस मित्र’ सक्रिय हैं, जो अनुशासित तरीके से पुलिस के साथ मिलकर कानून व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक नियंत्रण, जागरूकता अभियान और अन्य सामाजिक कार्यों में योगदान दे रहे हैं। पिछले दो वर्षों में इस पहल के माध्यम से लगभग 50,000 नागरिकों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। ‘पुलिस मित्र’ स्वयंसेवक पुलिस और आम जनता के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं, जिससे अपराध की रोकथाम, कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रबंधन में सहायता मिल रही है। इस अभियान के तहत गली-मोहल्लों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही साइबर अपराध, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में पुलिस के प्रति भय को कम करना और आपसी विश्वास को मजबूत करना है। वर्ष 2026 में इस अभियान के जरिए करीब 1 लाख नागरिकों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस जनहितकारी पहल से जुड़ने के इच्छुक नागरिक विश्वनाथ बिवलकर से संपर्क कर सकते हैं। यह पहल न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में सहयोग, सुरक्षा और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करती है।




