झांसी में कल मनाया जाएगा पीएम किसान उत्सव दिवस
रबी उत्पादकता गोष्ठी, किसान मेला और किसान दिवस का भी होगा आयोजन

झांसी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर 30 अक्टूबर 2026 को झांसी जनपद में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। इसके साथ ही जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी, किसान मेला एवं किसान दिवस का भी आयोजन किया जाएगा। उप कृषि निदेशक बुद्ध देव द्विवेदी ने बताया कि गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा योजना की 24वीं किस्त जारी की जाएगी। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 9 बजे से जनपद की सभी ग्राम पंचायतों और विकासखंडों के साथ कृषि विज्ञान केंद्रों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि मंडियों, प्रधानमंत्री कृषि समृद्धि केंद्रों तथा प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देने के साथ पात्र किसानों का पंजीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा योजना से संबंधित लंबित औपचारिकताएं पूरी कराने और किसानों की शिकायतों का निस्तारण करने पर भी जोर दिया जाएगा। उप कृषि निदेशक ने बताया कि ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण https://pmindiawebcast.nic.in पर भी देखा जा सकेगा।
