दृष्टिकोण: सत्ता पाने की कवायद में सियासी गठबंधन

डॉ. सुधाकर आशावादी
किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र में सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति तब होती है, जब विपरीत चिंतन धारा के चरित्रों को चाहे-अनचाहे एक-दूसरे के सुर में सुर मिलाना पड़ता है तथा ऐसे लोगों के साथ समझौते करने पड़ते हैं, जो उनकी विचारधारा के धुर विरोधी हों। भारत में जब से गठबंधन सरकारों का दौर चला है, यह स्थिति बनी हुई है। विपरीत विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर राज्य और देश में सत्ता के लिए गठजोड़ यही मजबूरी दर्शाता है। वर्ष 2027 में देश के सात राज्यों गोवा, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसके लिए सभी प्रदेशों में राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है तथा सत्ता पर पकड़ बनाने के लिए प्रभावी राजनीतिक दल चुनाव पूर्व गठबंधन की दिशा में बढ़ रहे हैं। जिस कड़ी में उत्तर प्रदेश में अनेक गठबंधन सक्रिय हो चुके हैं। देश में सत्ता संभालने का सपना देखने वाली कांग्रेस उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय दल समाजवादी पार्टी के सम्मुख याचक बनकर कुछ सीटों की भीख मांग रही है, जिस पर समाजवादी पार्टी अग्रिम सीट पर बैठकर अपनी शर्तें थोप रही है। पंजाब में एक-दूसरे से अलग होने का खामियाजा भुगत चुकी भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल पुनः गठबंधन हेतु विवश हो गए हैं। मई 1998 में गठित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन केंद्र के साथ राज्यों में भी गठबंधन को मजबूत बनाने में जुटा है। जो राजनीतिक दल राजग से अलग हैं, उनमें से अधिकांश दल भारतीय राष्ट्रीय विकासशील समावेशी गठबंधन (इंडी एलायंस) में जुड़ने के लिए विवश हैं। इस गठबंधन में यूं तो अधिकांश क्षेत्रीय दलों की भागीदारी है, किंतु इसमें सम्मिलित सभी दल अपने गठबंधन के प्रति कितने निष्ठावान हैं, यह वे भी नहीं जानते। बहुजन समाज पार्टी ने कभी जातीय आधार पर, कभी सोशल इंजीनियरिंग के नाम पर जातीय समीकरण साधकर उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति में खासा दखल दिया था, किंतु आज वह हाशिये पर है। जिसका लाभ कुछ जातीय क्षत्रप उठाने की फिराक में हैं, किंतु कानून व्यवस्था के कठोर अनुपालन एवं समन्वित समदर्शी विकास के चलते उत्तर प्रदेश तथा अन्य राज्यों में ऐसे जातीय क्षत्रपों को नाकारा जा चुका है, इस तथ्य को भी कोई नकार नहीं सकता। आम मतदाता पहले से अधिक समझदार हो गया है। वह सुविधाएं तो चाहता है, किंतु लोकलुभावन वादों की सच्चाई भी समझने लगा है। देखा जाना चाहिए कि राजनीतिक दलों द्वारा सियासी बैसाखियां जुटाने की कवायद का भविष्य में राज्यों और केंद्र की राजनीति पर कितना असर पड़ेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *