मध्य प्रदेश के नए डीजीपी के लिए तीन नामों का पैनल तैयार, 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे कैलाश मकवाना

भोपाल। मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल तय किया गया। इसमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं। वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए दिल्ली स्थित यूपीएससी कार्यालय में यह बैठक आयोजित की गई। इसमें मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और डीजीपी कैलाश मकवाना भी शामिल हुए। डीजीपी पद के लिए तैयार किए गए पैनल में विशेष पुलिस महानिदेशक (स्पेशल डीजी) रैंक के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को जगह दी गई है। अब राज्य सरकार इन तीनों अधिकारियों में से किसी एक को प्रदेश का अगला पुलिस महानिदेशक नियुक्त कर सकती है।
ऐसे होती है डीजीपी की चयन प्रक्रिया
डीजीपी चयन के लिए गठित एम्पैनलमेंट कमेटी में यूपीएससी के अध्यक्ष या सदस्य, केंद्रीय गृह सचिव अथवा उनके द्वारा नामित अधिकारी और मध्य प्रदेश कैडर से बाहर के केंद्र सरकार में पदस्थ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल होते हैं। कमेटी वरिष्ठता और निर्धारित मापदंडों के आधार पर तीन अधिकारियों का पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजती है। इसके बाद राज्य सरकार को इसी पैनल में शामिल अधिकारियों में से किसी एक को प्रदेश का डीजीपी नियुक्त करना होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *