कानपुर में अवैध खनन में लगे ओवरलोड ट्रैक्टर ने तोड़ा हाईटेंशन लाइन का खंभा, नौ गांवों की बिजली गुल

ग्रामीणों ने पुलिस और खनन विभाग की मिलीभगत का लगाया आरोप, रातभर अंधेरे में रहे गांव, सुबह पेयजल की भी खड़ी हुई समस्या

कानपुर, उत्तर प्रदेश। साढ़ थाना क्षेत्र की भीतरगांव पुलिस चौकी अंतर्गत उदईपुर-गुगुरा मार्ग पर सोमवार देर शाम कथित रूप से अवैध मिट्टी खनन और परिवहन में लगे एक अनियंत्रित ओवरलोड ट्रैक्टर ने हरीपुर गांव के पास सड़क किनारे लगे हाईटेंशन विद्युत लाइन के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में खंभा टूट गया, जिससे पसेमा सबस्टेशन से जुड़े नौ गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार देर शाम इलाके में जेसीबी से मिट्टी की खोदाई की जा रही थी और ट्रैक्टरों व डंपरों के जरिए मिट्टी की ढुलाई हो रही थी। आरोप है कि ओवरलोड वाहन बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर हाईटेंशन विद्युत लाइन के खंभे से टकरा गया। खंभा टूटने के कारण सोमवार आधी रात से नौ गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। मंगलवार सुबह तक बिजली बहाल नहीं होने से गांवों में पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में पुलिस और खनन विभाग की कथित मिलीभगत से अवैध मिट्टी खनन और ओवरलोड वाहनों का परिवहन चल रहा है। उनका कहना है कि रातभर मिट्टी से लदे ओवरलोड वाहन सड़कों पर दौड़ते रहे, इसके बावजूद पुलिस की गश्त नजर नहीं आई। स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने के साथ मामले की जांच और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे तक विद्युत विभाग की ओर से टूटे खंभे को दुरुस्त करने की व्यवस्था शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *