1 अक्टूबर से ST की रियायती यात्रा के लिए NCMC कार्ड अनिवार्य
वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों को कार्ड या QR कोड वाली पंजीकरण रसीद दिखानी होगी, 30 दिन तक मान्य रहेगी रसीद

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (ST) की विभिन्न रियायती योजनाओं का लाभ लेने वाले अमृत वरिष्ठ नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए 1 अक्टूबर 2026 से NCMC (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) अनिवार्य किया जाएगा। रियायती टिकट जारी करते समय NCMC कार्ड के इस्तेमाल का निर्णय एसटी महामंडल ने लिया है। इसके लिए राज्यभर के एसटी डिपो और बस स्टेशनों पर कार्ड पंजीकरण एवं वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसटी महामंडल सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न सामाजिक वर्गों को रियायती दरों पर यात्रा की सुविधा देता है। इसमें अमृत वरिष्ठ नागरिक, वरिष्ठ नागरिक और महिला यात्रियों को मिलने वाली यात्रा रियायत भी शामिल है। इन रियायतों के प्रबंधन को अधिक सरल और डिजिटल बनाने के लिए NCMC कार्ड प्रणाली लागू की जा रही है। 1 अक्टूबर से रियायती टिकट NCMC कार्ड के माध्यम से ही जारी किए जाएंगे। जिन यात्रियों के पास सक्रिय (Active) NCMC कार्ड होगा या कार्ड के लिए पंजीकरण कराने के बाद मिली QR कोड वाली रसीद होगी, उन्हें रियायती यात्रा का लाभ मिलेगा। NCMC कार्ड के लिए पंजीकरण कराने वाले अमृत वरिष्ठ नागरिक, वरिष्ठ नागरिक और महिला यात्री QR कोड वाली रसीद को बस कंडक्टर की ETM मशीन पर स्कैन कराकर रियायती टिकट प्राप्त कर सकेंगे। यह पंजीकरण रसीद 30 दिनों तक मान्य रहेगी। इस अवधि के भीतर यात्रियों को अपना NCMC कार्ड एक्टिव कर उसमें टॉप-अप करना आवश्यक होगा। NCMC कार्ड के पंजीकरण और वितरण के लिए ई-बिक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को एसटी बस स्टेशनों एवं डिपो के साथ डिपो की सीमा से बाहर भी अधिकृत एजेंट नियुक्त किया गया है। इससे यात्रियों को नजदीकी अधिकृत केंद्र पर कार्ड पंजीकरण की सुविधा मिल सकेगी। कार्ड में राशि डालने के लिए BHIM App से Top-up करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। NCMC कार्ड के पीछे दिए गए QR कोड को BHIM App से स्कैन कर यात्री टॉप-अप कर सकेंगे। जिन पात्र लाभार्थियों को आधार कार्ड के बायोमेट्रिक में उंगलियों के निशान नहीं मिलने के कारण पंजीकरण में परेशानी होती है, उनके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। ऐसे यात्री आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP के जरिए NCMC कार्ड का पंजीकरण करा सकेंगे। एसटी महामंडल ने अमृत वरिष्ठ नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों से अपील की है कि रियायती यात्रा जारी रखने के लिए वे 1 अक्टूबर से पहले NCMC कार्ड का पंजीकरण करा लें।
