अखिलेश यादव से मेरे व्यक्तिगत संबंध, राजनीति से न जोड़ें: बृजभूषण शरण सिंह

अयोध्या। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों पर खुलकर बात की है। अयोध्या पहुंचे बृजभूषण ने कहा कि अखिलेश यादव से उनके व्यक्तिगत संबंध हैं और इन संबंधों को राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह भाजपा में हैं, जबकि अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के नेता हैं। बृजभूषण ने कहा कि वह पहले समाजवादी पार्टी से सांसद रह चुके हैं और अखिलेश यादव से उनके पुराने व्यक्तिगत संबंध हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश उनकी तारीफ करते हैं तो वह भी उनकी तारीफ करते हैं। दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंध होने की बात अखिलेश यादव ने भी हाल में सार्वजनिक रूप से कही है। पूर्व सांसद ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलों को भी खारिज करते हुए कहा कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। गुरुवार को दिल्ली से अयोध्या पहुंचने पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बृजभूषण के हालिया बयानों और अखिलेश यादव के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंधों की चर्चा के कारण उत्तर प्रदेश की राजनीति में दोनों नेताओं को लेकर अटकलें जरूर चल रही हैं। हालांकि बृजभूषण ने भाजपा छोड़ने या समाजवादी पार्टी में शामिल होने की कोई घोषणा नहीं की है और अपने संबंधों को व्यक्तिगत बताया है।
