मुंबई पुलिस अब होगी हाईटेक! AI, स्मार्ट कार्ड और सिटीजन ऐप से बदलेगा पुलिसिंग का तरीका

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुरू कीं पांच तकनीक आधारित सुविधाएं, एंटी-नारकोटिक्स सेल को मिला अत्याधुनिक जांच वाहन

मुंबई। पुलिस विभाग के कामकाज में अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पारदर्शिता, निष्पक्षता, जवाबदेही और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में मुंबई पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिसकर्मियों के लिए स्मार्ट पहचान पत्र, टैबलेट वितरण, मुंबई पुलिस एकीकृत कार्यप्रणाली (MPIS), सिटीजन ऐप और एंटी-नारकोटिक्स जांच वाहन सहित विभिन्न तकनीक आधारित सुविधाओं की शुरुआत की गई है। शनिवार को सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने मुंबई पुलिस के इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव मनीषा म्हैसकर-पाटणकर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नशामुक्त भारत, नशामुक्त महाराष्ट्र’ अभियान के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए एंटी-नारकोटिक्स सेल के बेड़े में अत्याधुनिक जांच वाहन शामिल किया गया है, जिसे मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से ‘तपास सारथी’ प्रणाली विकसित की जा रही है। इसके माध्यम से एफआईआर दर्ज करने से लेकर चार्जशीट तैयार करने और साक्ष्यों के प्रबंधन तक की पूरी प्रक्रिया को एक डिजिटल प्रणाली से जोड़ने की योजना है। नए आपराधिक कानूनों के तहत डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को मान्यता मिलने के मद्देनजर हैश वैल्यू के आधार पर जांच प्रक्रिया को शुरू से अंत तक डिजिटल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। अपराधों की रोकथाम और जांच में सीसीटीवी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, डेटा डिक्रिप्शन और सोशल मीडिया विश्लेषण जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं में सहयोग देने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें बेल के मुख्य प्रबंधक राकेश कुमार, वरिष्ठ मुख्य प्रबंधक अनिता के.एस. एवं किशोर कुमार नारु, कैप्सूल टेक्नोलॉजी के कार्यकारी निदेशक नितिन कामत एवं अर्जुन के.आर., स्केयुटेक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदित्य प्रभु एवं दीपाली केळकर तथा मिनिटेक के उपाध्यक्ष प्रीतम करवीर एवं परियोजना प्रमुख मयूर कुलकर्णी शामिल रहे। कार्यक्रम में शुरू की गई सुविधाओं में डिजी आईडी स्मार्ट कार्ड के जरिए पुलिसकर्मियों की आधिकारिक पहचान सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को टैबलेट दिए गए हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न आधिकारिक एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर रोजमर्रा के कामकाज को आसान और तेज बनाया जा सकेगा। एंटी-नारकोटिक्स इन्वेस्टिगेशन वैन से मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, मुंबई पुलिस इंटीग्रेटेड सिस्टम (MPIS) विभाग के विभिन्न कार्यों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़कर समन्वय और कार्यक्षमता बढ़ाएगा। सिटीजन ऐप के माध्यम से आम नागरिक पुलिस विभाग की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं का डिजिटल तरीके से लाभ उठा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *